अनुशासन की हिदायत देने पर नाराज छात्र ने प्रधानाचार्य पर किया जानलेवा हमला

बांस से हमला करते समय विद्यालय प्रचारक ने बीच में पड़कर बचाई प्रधानाचार्य की जान

 *मौके पर जुटी भीड़ ने आरोपी छात्र को किया पुलिस के हवाले* 


 *कुशीनगर* ।
कुशीनगर जनपद के कसया तहसील क्षेत्र के महात्मा गांधी इंटर कॉलेज सखवनिया में छात्राओं से कथित छेड़छाड़ को लेकर अनुशासन में रहने की हिदायत देना प्रधानाचार्य को भारी पड़ गया। आरोप है कि विद्यालय की छुट्टी के बाद घर जा रहे प्रधानाचार्य पर कक्षा 11 के एक छात्र ने रास्ते में घात लगाकर बांस से हमला कर दिया। हमले के दौरान विद्यालय प्रचारक ने तत्परता दिखाते हुए बांस पकड़ लिया, जिससे प्रधानाचार्य गंभीर रूप से चोटिल होने से बाल-बाल बच गए।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विद्यालय में कक्षा 11के भूगोल के छात्र मुकेश निवासी बतरडेरा को प्रधानाचार्य ने मिली जानकारी के आधार पर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ के मामले को लेकर, उसे अनुशासन में रहने की हिदायत दी। इसी बात से नाराज छात्र  प्रधानाचार्य को  मारने की नियत से विद्यालय से छुट्टी के बाद गेट से कुछ दूरी पर  बांस लेकर इंतजार कर रहा था।
प्रधानाचार्य जब अपने दोपहिया वाहन से घर के लिए निकले तो छात्र ने उन्हें रोककर करीब चार फीट लंबे बांस से हमला कर दिया ।प्रधानाचार्य के साथ पीछे बैठे विद्यालय प्रचारक संजीव कुमार गुप्ता ने तत्काल बांस पकड़ लिया। जिससे प्रधानाचार्य के सिर पर सीधा प्रहार होने से बच गया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, यदि बांस का वार सिर पर लगता तो कोई अनहोनी हो सकता था
घटना के बाद आसपास के लोगों की औऱ चौराहे पर राहगीरों और दुकानदारों की भीड़ जुट गई। लोगों ने आरोपी छात्र को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर अभिभावक संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस छात्र को अपने साथ थाने ले गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना को लेकर विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
 *दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट*

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ