B = बेचकर | J = जायेंगे | P = पूरी | R = राष्ट्रीय | S = सरकारी | S = सम्पत्तियाँ
इस गठजोड़ की नीतियों और कार्यशैली का परिणाम यह है कि देश के नागरिकों से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी अवसर लगातार छीने जा रहे हैं। जबकि हमारा संविधान नागरिकों को मौलिक अधिकारों से जोड़ता है और संवैधानिक संस्थाओं से यह अपेक्षा करता है कि इन अधिकारों की किसी भी परिस्थिति में अनदेखी न हो। शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन के अवसरों तक समान पहुँच सुनिश्चित करना एक लोकतांत्रिक कल्याणकारी राज्य की बुनियादी जिम्मेदारी है।
जो लोग जातीय अभिमान के दलदल में इस कदर डूबे हुए हैं कि उन्हें इंसान और इंसानियत से अधिक अपनी जातीय श्रेष्ठता और दंभ की चिंता है, उनसे न्यायपूर्ण शासन और समतामूलक समाज की स्थापना की अपेक्षा करना व्यर्थ है। जिस सत्ता की सोच में समानता के स्थान पर जातीय अहंकार हो, वह सत्ता कभी न्याय की संरक्षक नहीं हो सकती।
इस देश में वास्तविक न्याय की स्थापना के लिए आवश्यक है कि जातीय दंभ, सामाजिक भेदभाव और सत्ता के अहंकार को राजनीतिक संरक्षण देने वाले लोगों को सत्ता से दूर रखा जाए। लोकतंत्र की मूल अवधारणा है—जनता की सरकार, जनता द्वारा और जनता के लिए। लेकिन विडंबना देखिए कि आज जनता के हितों की रक्षा करने का दायित्व जिन संस्थाओं पर है, उन्हीं के भीतर जनता के अधिकारों और संसाधनों की उपेक्षा के आरोप सामने आते हैं। चाहे विधायिका हो, कार्यपालिका हो अथवा न्यायपालिका—किसी भी संस्था को जन-जवाबदेही से ऊपर नहीं रखा जा सकता।
इस गठजोड़ की कार्यशैली पर गंभीर सवाल इसलिए भी उठते हैं कि देश की उत्कृष्ट सार्वजनिक संस्थाओं को कमजोर करने और उनके निजीकरण की दिशा में बढ़ते कदमों से आम नागरिकों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। चाहे वे प्रतिष्ठित सरकारी शैक्षणिक संस्थान हों, सार्वजनिक उपक्रम हों, अर्धसरकारी प्रतिष्ठान हों अथवा बैंकिंग सेवाएँ—इनकी मजबूती देश के करोड़ों नागरिकों की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी है।
अपनी नीतियों, निजी हितों और सत्ता-केंद्रित राजनीति को धर्म तथा राष्ट्रवाद की भावनात्मक चाशनी में लपेटकर प्रस्तुत करना लोकतांत्रिक विमर्श का विकल्प नहीं हो सकता। भ्रष्टाचार, संस्थागत पक्षपात और सत्ता के दुरुपयोग के विरुद्ध निष्पक्ष जाँच तथा जवाबदेही अनिवार्य है। दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि जब संस्थाओं में नियुक्तियों और निर्णयों पर वैचारिक अथवा जातीय पक्षपात की आशंका पैदा होती है, तब संस्थागत निष्पक्षता और संवैधानिक मर्यादा दोनों पर प्रश्नचिह्न लगते हैं।
देश की एकता, संप्रभुता और अखंडता अक्षुण्ण रखने के लिए यह अत्यंत आवश्यक है कि सत्ता और शक्ति का दुरुपयोग करने वाली प्रवृत्तियों को उन सभी स्थानों से लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से बाहर किया जाए, जहाँ से वे नागरिकों के अधिकारों, संस्थाओं की स्वतंत्रता और राष्ट्र के सार्वजनिक संसाधनों को प्रभावित करती हैं।
अब समय आ गया है कि देश का नागरिक मौन दर्शक न बना रहे। वह अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक हो, सार्वजनिक सम्पत्तियों की रक्षा के लिए आवाज उठाए और जातीय दंभ, संस्थागत लूट तथा सत्ता के निरंकुश इस्तेमाल के विरुद्ध लोकतांत्रिक प्रतिरोध खड़ा करे।
क्योंकि राष्ट्र किसी सत्ता, दल या व्यक्ति की निजी सम्पत्ति नहीं है। राष्ट्र उसके नागरिकों का है और उसकी सम्पत्तियाँ भी नागरिकों की साझी विरासत हैं।
— *गौतम राणे सागर*
राष्ट्रीय संयोजक
संविधान संरक्षण मंच
0 टिप्पणियाँ