*कमजोर वर्गों तक न्याय पहुंचाने पर जोर, पराविधिक स्वयंसेवकों को दिए सख्त दिशा-निर्देश*
झांसी! उच्च न्यायालय इलाहाबाद के आदेशानुसार सिविल जज (सीनियर डिवीजन) श्रीमती ईशा त्रिपाठी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। नियुक्ति के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय परिसर में परिचयात्मक बैठक एवं मासिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया
कार्यक्रम में कार्यालय के कर्मचारीगण, लीगल ऐड डिफेंस काउंसिल एवं पराविधिक स्वयंसेवक (PLV) उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सचिव महोदया ने सभी कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर उनके कार्यों एवं दायित्वों की जानकारी ली। इसके बाद माननीय जनपद न्यायाधीश श्रीमती कमलेश कच्छल के निर्देशानुसार पराविधिक स्वयंसेवकों की एक दिवसीय मासिक प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई
बैठक में सचिव महोदया ने निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं, लोक अदालतों, विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रमों सहित समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को त्वरित न्याय दिलाने संबंधी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पराविधिक स्वयंसेवक अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अंतिम व्यक्ति तक विधिक सहायता एवं जागरूकता कार्यक्रमों का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें
उन्होंने विशेष रूप से महिला अधिकार, बाल संरक्षण, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, घरेलू हिंसा, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, श्रमिक अधिकार एवं साइबर अपराध जागरूकता जैसे विषयों पर आमजन को जागरूक करने पर बल दिया। सचिव महोदया ने कहा कि पराविधिक स्वयंसेवक समाज और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए उन्हें पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्व निभाने चाहिए
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने विधिक सेवा गतिविधियों को अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने का संकल्प लिया। बैठक में वरिष्ठ सहायक श्री आदिल जाफरी, श्री प्रतीक समाधिया, श्री अजितेंद्र तिवारी, श्री दीपक मणि त्रिपाठी एवं श्री अजय राठौर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ