*जनपद न्यायाधीश के निर्देश लंबित वाद चिन्हित कर लोक अदालत में लाएं, सुलह से होगा त्वरित न्याय*
झांसी! जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झांसी द्वारा आज 2 मई 2026 को उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत (09 मई 2026) के सफल आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक माननीय जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती कमलेश कछल के मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिसमें जनपद के सभी न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लंबित वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित, सुलभ एवं किफायती निस्तारण सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने न्यायालयों में लंबित मामलों को चिन्हित कर राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत करें।
विशेष रूप से बैंक ऋण वसूली, विद्युत देय, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, श्रम विवाद एवं आपराधिक समझौता योग्य मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर पक्षकारों से संपर्क करने और लोक अदालत के लाभ—जैसे शीघ्र न्याय, कम खर्च, आपसी सौहार्द एवं न्यायालय शुल्क वापसी—के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के साथ-साथ बैनर-पोस्टर व जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में नोडल अधिकारी अपर जिला जज श्री शरद कुमार चौधरी ने सभी अधिकारियों से लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारी से कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झांसी श्री सुमित पाराशर सहित अन्य न्यायिक अधिकारी भी उपस्थित रहे
रिपोर्ट राशिद पठान
6394131221
0 टिप्पणियाँ