विश्व पृथ्वी दिवस पर निकली पर्यावरण जागरूकता रैली

विश्व पृथ्वी दिवस पर निकली पर्यावरण जागरूकता रैली*

 *गोष्ठी व पौधरोपण का भी हुआ आयोजन* 

 *कुशीनगर* 
   विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर नयी दिशा पर्यावरण सेवा संस्थान द्वारा सोमवार को नगर पालिका परिषद कुशीनगर के विशम्भरपुर स्थित प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बच्चों के साथ पृथ्वी के संरक्षण हेतु पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली गई।
   रैली को क्षेत्रीय वन अधिकारी कसया जयंत कुमार सिंह राणा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्राथमिक विद्यालय से निकली रैली विशम्भरपुर सहित आस पास क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पूर्व माध्यमिक विद्यालय विशम्भरपुर में आकर ठहरी। लोगों को जागरूक करने हेतु रैली में बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण सम्बन्धी नारे जैसे पौधे लगाएं पौधे बचाएं पौधे हैं तो जीवन है, धरती माता करें पुकार हरा भरा कर दो संसार, वृक्ष धरा के भूषण हैं करते दूर प्रदूषण हैं, कहते हैं सब वेद पुराण एक वृक्ष दस पुत्र समान आदि नारे लगाए। 
   रैली निकालने के पूर्व प्राथमिक विद्यालय विशम्भरपुर में बच्चों के साथ पर्यावरण जागरूकता हेतु गोष्ठी का आयोजन कर पौधरोपण भी किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते वन अधिकारी जयंत कुमार सिंह राणा ने कहा कि पृथ्वी को सुरक्षित व प्रदूषण मुक्त रखने हेतु अधिकाधिक पौधरोपण और उनका संरक्षण जरूरी है। पौधों से हमें प्राणवायु ऑक्सीजन के साथ साथ फल, फूल, छाया, सुगंध और घरेलू प्रयोग के वस्तुओं के निर्माण हेतु लकड़ियां भी प्राप्त होती है।
   गोष्ठी को उप निरीक्षक जलालुद्दीन और राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ प्राथमिक संवर्ग के मंडल अध्यक्ष राजेश शुक्ल ने भी संबोधित किया। संचालन नयी दिशा सचिव डॉ0 हरिओम मिश्र ने किया।
   इस अवसर पर प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमर प्रकाश पांडेय, पूर्व माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पुष्पा सिंह, गीता शर्मा, चंद्रपाल सिंह, आलोक तिवारी, संतोष यादव, इंदु देवी, सत्यभामा सिंह, विद्या देवी, चाँदमती देवी, सुमित्रा देवी, इसरावती देवी आदि उपस्थित रहे।
 *दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट*

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ