पश्चिम यूपी में विकास की दोहरी सौगात—जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन, वृंदावन में फाइव स्टार होटल ताज विवांता लॉन्च
संवाददाता आलोक तिवारी
मथुरा/वृंदावन। पश्चिम उत्तर प्रदेश में विकास की नई तस्वीर उभरती नजर आ रही है। एक ओर नोएडा में देश के सबसे बड़े जेवर (नोएडा इंटरनेशनल) एयरपोर्ट के उद्घाटन से अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिली है वहीं दूसरी ओर धार्मिक नगरी वृंदावन में ताज विवांता ग्रुप के फाइव स्टार होटल की शुरुआत से पर्यटन क्षेत्र को बड़ा प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
वृंदावन के रुक्मणी विहार स्टेट क्षेत्र में स्थापित यह आधुनिक फाइव स्टार होटल देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों, विशेष रूप से उच्च वर्ग के यात्रियों, को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करेगा। अब तक वृंदावन में आने वाले विदेशी और संपन्न पर्यटकों को उच्च स्तरीय आवास की सीमित सुविधाएं मिलती थीं, लेकिन इस होटल के शुरू होने से उन्हें लग्जरी स्टे का बेहतर विकल्प मिलेगा।
होटल में अत्याधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। यहां 135 के करीब लग्जरी रूम, जिम, स्पा, दो स्विमिंग पूल, अलग-अलग फ्लोर पर मल्टी-कुजीन रेस्टोरेंट तथा एक विशाल बैंक्वेट हॉल जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं जो धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ वेडिंग, कॉर्पोरेट इवेंट्स और डेस्टिनेशन फंक्शन्स के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेंगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि जेवर एयरपोर्ट और वृंदावन में फाइव स्टार होटल की शुरुआत एक-दूसरे के पूरक साबित होंगे। एयरपोर्ट के माध्यम से विदेशी पर्यटक सीधे इस क्षेत्र तक पहुंच सकेंगे, जिससे ब्रज क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन को वैश्विक पहचान मिलने की संभावना है।
इस विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और होटल, ट्रैवल, गाइड व अन्य सेवा क्षेत्रों में नई संभावनाएं खुलेंगी। वृंदावन, जो पहले से ही श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है, अब लग्जरी पर्यटन के मानचित्र पर भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की ओर अग्रसर है।
0 टिप्पणियाँ