सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र स्थित अलीनगर मजरा बछखेरवा गांव में बुधवार को पुलिस और प्रशासनिक टीम ने एक महिला के घर में खुदाई की। महिला ने अपने लापता पति की हत्या कर शव घर में ही दफनाने का आरोप लगाया था। हालांकि, तीन घंटे तक चली खुदाई के बाद भी कोई शव बरामद नहीं हुआ।
अलीनगर निवासी सोनी पत्नी रिंकू ने थानाध्यक्ष को दिए प्रार्थना पत्र में बताया था कि उसका पति रिंकू पुत्र बलराम करीब चार वर्षों से लापता है। सोनी ने पहले भी कई बार पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर उसने जिलाधिकारी से गुहार लगाई थी।
महिला का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उसके पति की हत्या की। सोनी के अनुसार, आरोपियों ने पहले रिंकू को बाग में पीटा और फिर रात में शव को उसके ही घर में दफना दिया। इस घटना की जानकारी आरोपियों ने अपने परिचित निवासी को दी थी, जिसके बाद यह बात सोनी के परिवार तक पहुंची। महिला ने इस मामले से जुड़ी एक वीडियो रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी राजा गणपति आर के निर्देश पर पुलिस, प्रशासन, चिकित्सा विभाग और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए आदेशित किया गया था। बुधवार सुबह करीब 10 बजे टीम गांव पहुंची और 11 बजे महिला के घर में खुदाई शुरू की गई।
मिश्रिख के तहसीलदार अतुल सेन सिंह के निर्देशन में दो चिकित्साधिकारी, फॉरेंसिक टीम, संदना थानाध्यक्ष मान सिंह पाल और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में लगभग तीन घंटे तक खुदाई चली। कमरे के अंदर करीब 8 फीट गहराई तक खुदाई की गई, लेकिन कोई शव नहीं मिला। इसके बाद महिला ने खुदाई रुकवा दी।
थानाध्यक्ष मान सिंह पाल ने बताया कि रिंकू लंबे समय से घर से बाहर रहता था और कई महीनों से घर नहीं आया है। महिला द्वारा शंका के आधार पर शिकायत की गई थी, जिस पर जांच के तहत खुदाई कराई गई, लेकिन कोई साक्ष्य नहीं मिला।
0 टिप्पणियाँ