पत्रकारों के लिए बड़ी राहत: आयुष्मान कार्ड बनवाना होगा आसान, जल्द शुरू होगा नया ऑनलाइन पोर्टल
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के सूचना निदेशक विशाल सिंह ने पत्रकारों के हित में अहम पहल करते हुए आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को और सरल बनाने की घोषणा की है। जिन पत्रकारों का आवेदन लंबित है, वे अब पोर्टल पर अपना स्टेटस देख सकेंगे, जबकि नए आवेदनों और लंबित मामलों के समाधान के लिए जल्द ही एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया जाएगा।
मुजफ्फरनगर। प्रदेश के सूचना निदेशक विशाल सिंह ने पत्रकार बंधुओं के हित में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को अधिक आसान और पारदर्शी बनाने की जानकारी दी है। इस पहल से प्रदेशभर के उन पत्रकारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके आयुष्मान कार्ड विभिन्न कारणों से अब तक नहीं बन पाए हैं।
सूचना निदेशक ने बताया कि जिन पत्रकारों ने पहले से आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन किया है, लेकिन उनका कार्ड अभी तक जारी नहीं हुआ है, वे beneficiary.nha.gov.in पोर्टल पर जाकर अपने आवेदन की स्थिति की जांच कर सकते हैं। यदि पोर्टल पर उनका नाम प्रदर्शित होता है और किसी प्रकार की त्रुटि या संशोधन की आवश्यकता है, तो संबंधित जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में संपर्क कर आवश्यक सुधार कराया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि ऐसे पत्रकार, जिन्होंने अभी तक आवेदन नहीं किया है या आवेदन के बावजूद उनका कार्ड नहीं बन पाया है, उनकी सुविधा के लिए विभाग जल्द ही एक नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू करने जा रहा है। इस पोर्टल के माध्यम से पत्रकार अपने जिले के जिला सूचना अधिकारी के जरिए आवेदन ऑनलाइन जमा कर सकेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और व्यवस्थित हो जाएगी।
सूचना विभाग के इस निर्णय को पत्रकारों के स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद पात्र पत्रकारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ लेने में आने वाली तकनीकी और प्रशासनिक परेशानियां काफी हद तक कम होने की उम्मीद है। विभाग ने आश्वासन दिया है कि पोर्टल शुरू होते ही इसकी सूचना सभी जिलों को तत्काल उपलब्ध करा दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पत्रकार इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

0 टिप्पणियाँ