ऐशबाग जंक्शन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग पर रेलवे प्रशासन ने दिया सकारात्मक आश्वासन

लखनऊ। ऐशबाग जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी तथा भारतीय जनता पार्टी के नगर कार्य समिति सदस्य एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष गणेश कनोज़िया द्वारा माननीय रक्षा मंत्री एवं सांसद लखनऊ श्री राजनाथ सिंह जी के संज्ञान में ऐशबाग जंक्शन पर यात्री सुविधाओं की कमी का विषय रखा गया था।
जनप्रतिनिधियों द्वारा रेलवे प्रशासन से ऐशबाग जंक्शन पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार की मांग की गई थी। मांगों में प्रमुख रूप से प्लेटफार्मों पर पर्याप्त शौचालय व्यवस्था, प्लेटफार्म संख्या 1 से 6 तक शेड निर्माण, यात्रियों की सुविधा के लिए फुट ओवर ब्रिज एवं एस्केलेटर की व्यवस्था तथा सभी प्लेटफार्मों पर स्वच्छ पेयजल एवं वाटर कूलर की व्यवस्था शामिल थी।
इस संबंध में अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑप.), लखनऊ मंडल, पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से 13 अगस्त 2026 को जारी पत्र में ऐशबाग जंक्शन पर उपलब्ध एवं स्वीकृत यात्री सुविधाओं की जानकारी दी गई है। रेलवे के अनुसार प्लेटफार्म संख्या 2/3 एवं 4/5 पर शौचालय उपलब्ध हैं, जबकि प्लेटफार्म संख्या 1 एवं 6 पर शौचालय निर्माण का कार्य प्रस्तावित है।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि ऐशबाग स्टेशन NSG-03 श्रेणी का स्टेशन है और यहां 1260 वर्गमीटर प्लेटफार्म शेल्टर उपलब्ध है। यात्रियों की आवाजाही के लिए स्टेशन पर एक फुट ओवर ब्रिज (FOB) उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त लिफ्ट एवं एस्केलेटर युक्त एक अन्य फुट ओवर ब्रिज का कार्य भी स्वीकृत किया गया है।

पेयजल व्यवस्था के संबंध में रेलवे ने बताया कि प्लेटफार्म संख्या 1 पर 2, प्लेटफार्म संख्या 2/3 पर 1, प्लेटफार्म संख्या 4/5 पर 2 तथा प्लेटफार्म संख्या 6 पर 1 वाटर कूलर सहित कुल 120 वाटर टैप उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त 3 और वाटर कूलर लगाए जाने का कार्य स्वीकृत किया गया है।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ऐशबाग जंक्शन लखनऊ का एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है।

सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी एवं गणेश कनोज़िया ने रेलवे प्रशासन और माननीय सांसद श्री राजनाथ सिंह जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित में ऐशबाग जंक्शन पर यात्री सुविधाओं के विकास के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि लंबित एवं आवश्यक यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ