मुजफ्फरनगर में प्रधानमंत्री की योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी ने युवाओं को किया जागरूक...

मुजफ्फरनगर में प्रधानमंत्री की योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी ने युवाओं को किया जागरूक..


मुजफ्फरनगर...
सेवा पर्व के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी व्यक्तित्व, भारत की विकास गाथा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का आज जनपद के नवोदित कलाकारों और काव्य पाठ विजेताओं ने अवलोकन किया। इस दौरान राजकीय जिला पुस्तकालय में काव्य पाठ का आयोजन भी हुआ, जिसमें प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।


उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों पर जिला अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में सेवा पर्व के अंतर्गत जनपद मुजफ्फरनगर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी व्यक्तित्व और भारत की विकास यात्रा पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। शनिवार को इस प्रदर्शनी का भ्रमण नवोदित कलाकारों एवं काव्य पाठ प्रतियोगिता के विजेताओं द्वारा किया गया।


प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री जी के जीवन, व्यक्तित्व, महत्वपूर्ण प्रसंगों और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आकर्षक चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, स्टार्टअप व स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई है।


इस अवसर पर राजकीय जिला पुस्तकालय में काव्य पाठ का आयोजन भी हुआ। जिला सूचना अधिकारी श्री नरसिंह, प्रभारी राजकीय पुस्तकालय डॉ. रणवीर सिंह, प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया, डॉ. जीत सिंह और श्रीमती सुनीता ने नवोदित कलाकारों और विजेता प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उन्हें फूल मालाओं से सम्मानित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन डॉ. राजीव कुमार, सदस्य बाल कल्याण समिति द्वारा किया गया।


जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि यह प्रदर्शनी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगी। 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं, युवाओं, किसानों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को बड़ी संख्या में इस प्रदर्शनी का अवलोकन करना चाहिए ताकि योजनाओं की जानकारी सीधे तौर पर मिल सके।


विशेष रूप से विकसित उत्तर प्रदेश 2047 के विज़न हेतु आमजन से सुझाव भी आमंत्रित किए जा रहे हैं। दर्शक 5 अक्टूबर तक प्रदर्शनी स्थल पर उपलब्ध क्यूआर कोड स्कैन कर अपने सुझाव भेज सकते हैं। बेहतर सुझाव देने वालों को सम्मानित कर पुरस्कृत भी किया जाएगा।


इस मौके पर लफ्ज़ संस्था से जुड़े नवोदित कलाकार दिग्विजय सिंह, विशाल, ज़ीशान, अक्षय कुमार, आर्यन समेत अन्य काव्य पाठ प्रतिभागी मौजूद रहे। कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह देखने लायक था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ