AIM CBSE कॉलेज के छात्रों ने मरीजों के साथ मनाया नया वर्ष

AIM CBSE कॉलेज के छात्रों ने मरीजों के साथ मनाया नया वर्ष
सिधौली। जब अधिकतर लोग नए वर्ष का स्वागत जश्न और उत्सव के साथ कर रहे थे, तब AIM CBSE कॉलेज, बाड़ी सिधौली के छात्रों ने इंसानियत और सेवा को अपना उत्सव बनाकर समाज के सामने एक भावुक और प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। छात्रों ने यह सिद्ध किया कि सच्ची खुशी दूसरों के दुख को समझने और उनके जीवन में उम्मीद जगाने में है।
छात्र अपने शिक्षकों के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिधौली पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों के साथ नया वर्ष मनाया। छात्रों ने मरीजों को फूल, फल और अपने हाथों से बनाए गए नए वर्ष के ग्रीटिंग कार्ड भेंट किए। बच्चों को अपने पास देखकर मरीज भावुक हो गए और कई मरीजों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। छात्रों ने मरीजों से आत्मीय बातचीत कर उनका दुख-दर्द सुना। 
इस अवसर पर सीएमएस श्री आनंद कुमार सिंह ने कहा कि नए वर्ष पर छात्रों का आगमन मरीजों के लिए दवा से भी अधिक सुकून देने वाला रहा। 
इसके बाद छात्र पुलिस कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने एसएचओ श्री विजेंद्र सिंह और एसआई सुश्री आस्था शर्मा (वीमेन पावरलाइन 1090) को फूल भेंट कर नए वर्ष की शुभकामनाएं दीं।

अंत में छात्र एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां एसडीएम सुश्री राखी वर्मा ने कहा कि ऐसी सामाजिक गतिविधियों से छात्रों के भीतर जनभावना और राष्ट्रभावना का विकास होता है।

कार्यक्रम के समापन पर संस्था के सचिव- श्री फरीदी (एडवोकेट हाईकोर्ट) ने कहा कि छात्रों में इंसानियत, सेवा-भाव और राष्ट्रप्रेम AIM CBSE कॉलेज की सच्ची प्रतिबिंबता है। उन्होंने कहा कि कॉलेज का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि ऐसे संस्कार देना है जो बच्चों को एक संवेदनशील, जिम्मेदार और देशभक्त नागरिक बनाएं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ