ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों पर सख्ती, 15 चालान, 4 वाहन सीज

ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों पर सख्ती, 15 चालान, 4 वाहन सीज

शाहजहांपुर
जनपद में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन एवं खनन विभाग द्वारा ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न मार्गों पर सख्त चेकिंग अभियान संचालित किया, जिससे वाहन चालकों और स्वामियों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।

अभियान के तहत विशेष रूप से खनन कार्य में लगे वाहनों की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार और ऊंचाई के साथ संचालित होते पाए गए। नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं के चलते 4 वाहनों को सीज कर दिया गया।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ओवरलोड और ओवरहाइट वाहन सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं। इससे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि सड़कें भी क्षतिग्रस्त होती हैं और आम नागरिकों की जान को खतरा उत्पन्न होता है।

 विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मद्देनजर इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने वाहन चालकों और स्वामियों से अपील की है कि वे निर्धारित मानकों का पालन करें और नियमों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करें, ताकि अनावश्यक दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।
विभाग ने दोहराया कि जनहित और सुरक्षा सर्वोपरि है, और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्ती बरती जाएगी।
— शाहजहांपुर संवाददाता मुफीद खान

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ