ईरान हमलों के बीच कुवैत में फंसा शाहजहांपुर का युवक, परिवार ने लगाई भारत सरकार से वतन वापसी की गुहार
शाहजहांपुर।
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के निगोही क्षेत्र का रहने वाला युवक अदनान इन दिनों कुवैत में फंसा हुआ है। अदनान रोज़गार के सिलसिले में कुवैत में ड्राइवर की नौकरी करने गया था, लेकिन ईरान और अमेरिकी ठिकानों को लेकर बढ़ते तनाव और हमलों की खबरों के बीच उसके परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
अदनान के माता-पिता अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर बेहद परेशान और भयभीत नजर आ रहे हैं। अदनान के पिता एजाज ने भारत सरकार से गुहार लगाते हुए कहा है कि उनके बेटे को जल्द से जल्द सुरक्षित भारत वापस लाने में मदद की जाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए परिवार हर पल चिंता में जी रहा है।
परिवार के मुताबिक, अदनान से वीडियो कॉलिंग के जरिए बात हुई थी। अदनान ने बताया कि फिलहाल वहां सब कुछ सामान्य दिखाई दे रहा है, लेकिन असल स्थिति क्या है और कौन सा देश हमला कर रहा है या कुवैत के हालात क्या हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी वहां रहने वाले लोगों को भी नहीं मिल पा रही है। अदनान का कहना है कि जैसे ही फ्लाइट कंफर्म होगी, वह तुरंत अपने वतन भारत लौटना चाहता है।
वीडियो कॉल के दौरान अदनान ने यह भी बताया कि शाहजहांपुर जिले के करीब 40 से 50 लोग कुवैत में मौजूद हैं, जो मौजूदा हालात को लेकर चिंतित हैं।
इधर अदनान के माता-पिता भारी मन से भारत सरकार और कुवैत सरकार से अपील कर रहे हैं कि उनके बेटे समेत वहां फंसे सभी भारतीयों की सुरक्षित वतन वापसी सुनिश्चित की जाए। परिवार अपने बेटे की सकुशल घर वापसी की राह देख रहा है और हर पल दुआ कर रहा है कि जल्द ही अदनान सुरक्षित अपने घर लौट आए।
0 टिप्पणियाँ