जनपद शाहजहांपुर में कानून व्यवस्था को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। भारतीय किसान यूनियन (परिवर्तनवादी) द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए ज्ञापन में थाना कांट क्षेत्र में अवैध वसूली और पशु कटान जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
ज्ञापन के अनुसार, कोतवाली कांट क्षेत्र में एक युवक द्वारा खुलेआम अवैध वसूली किए जाने का आरोप है, जो सड़क से गुजरने वाले वाहनों—खासकर भूसा, लकड़ी और मवेशियों से लदे वाहनों से जबरन पैसे वसूल रहा है। आरोप है कि यह सब पुलिस के संरक्षण में हो रहा है।
वहीं, रावतपुर और कांट क्षेत्र में अवैध रूप से पशुओं की कटाई का भी मामला उठाया गया है। किसान यूनियन का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिकायत के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
संगठन ने थाना प्रभारी पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके संरक्षण में यह सब गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
किसान यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो 22 मार्च 2026 को अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
0 टिप्पणियाँ