कुशीनगर
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को जनपद भ्रमण के दौरान द लर्निंग वर्ल्ड स्कूल के उद्घाटन कार्यक्रम से पूर्व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फाजिलनगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई व्यवस्था तथा मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, दवा वितरण केंद्र, प्रसूति कक्ष एवं पैथोलॉजी विभाग पहुंचे, जहां उन्होंने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति का सत्यापन किया तथा उपचार व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता एवं स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों एवं उनके तीमारदारों से संवाद कर उपचार एवं दवा उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक एवं स्वास्थ्य कर्मियों को अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने, आवश्यक दवाओं की सतत उपलब्धता बनाए रखने तथा मरीजों के साथ संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों की सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसके लिए नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी की जा रही है। उपस्थित पंजिका का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी कर्मचारी को पूर्व में लिखित प्रार्थना पत्र एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी स्तर से अनुमति के बिना अवकाश स्वीकृत न किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रप्रकाश, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. उमाशंकर नायक सहित संबंधित चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
*दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट*
0 टिप्पणियाँ