निजी धर्म कांटे पर तौल में गड़बड़ी का आरोप, किसानों ने की शिकायत

निजी धर्म कांटे पर तौल में गड़बड़ी का आरोप, किसानों ने की शिकायत
मोंठ (झांसी)। मोंठ की गल्ला मंडी के सामने स्थित एक निजी धर्म कांटे पर फसल की तौल में बेईमानी का मामला सामने आया है। किसानों ने आरोप लगाया है कि मंडी के भीतर लगे धर्म कांटे पर जहां तौल सही हो रही है, वहीं बाहर स्थित निजी कांटे पर 25 से 30 किलो तक कम वजन दर्शाया जा रहा है।

किसान अशोक राजपूत ने बताया कि उन्होंने अपनी एक ट्राली गेहूं की तौल पहले गल्ला मंडी के धर्म कांटे पर कराई, जहां 5060 किलो वजन दर्ज किया गया। इसके बाद उसी ट्राली की तौल मंडी के बाहर स्थित निजी धर्म कांटे पर कराई गई, जहां वजन 5035 किलो निकला। इस अंतर ने किसानों में संदेह पैदा कर दिया।

इसी तरह किसान ऋषभ और केशव ने भी अपने साथ तौल में अंतर होने की बात कही है। किसानों का कहना है कि इस तरह की गड़बड़ी से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

मामले को लेकर किसान नेता सुरजीत राजपूत ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत करते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की है। किसानों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील की है।

रिपोर्ट राशिद पठान 
6394131221

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ