*मोबाइल-ऐप से चल रहा था देशभर में जुआ नेटवर्क, पुलिस ने फ्रीज किए लाखों रुपये*
झांसी! जनपद में ऑनलाइन सट्टा और जुआ सिंडिकेट के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 100 करोड़ रुपये के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। थाना नवाबाद पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मोबाइल फोन और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से संगठित तरीके से सट्टा संचालित कर रहे थे। इस गिरोह का नेटवर्क केवल झांसी तक सीमित नहीं था, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों तक फैला हुआ था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 मोबाइल फोन, एक टैबलेट, 84,500 रुपये नगद और एक फॉर्च्यूनर कार बरामद की है। इसके अलावा, गिरोह से जुड़े विभिन्न बैंक खातों में जमा करीब 50 लाख रुपये की राशि को भी फ्रीज कराया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम उपाध्याय, विजय बाथम और नितिन अग्रवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है और इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
0 टिप्पणियाँ