डीएम और एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक सम्पन्न, आगामी त्यौहारों को लेकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
त्यौहारों को परंपरागत तरीके से हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं — जिलाधिकारी
*सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई — जिलाधिकारी*
*आयोजकों के साथ बैठक कर आयोजन स्थलों का निरीक्षण करें सभी एसडीएम एवं सीओ — पुलिस अधीक्षक*
*कुशीनगर*
आगामी नवरात्रि, दशहरा, धनतेरस, दीपावली सहित अन्य त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संजय चौहान एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों, संबंधित विभागों के अधिकारियों, दुर्गा पूजा समिति के आयोजकों तथा संभ्रांत नागरिकों के साथ सुरक्षा, यातायात, विद्युत, साफ-सफाई, मूर्ति विसर्जन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी को आगामी त्यौहारों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी त्यौहार परंपरागत तरीके से आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं हर्षोल्लास के साथ मनाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्यौहारों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को मूर्ति विसर्जन स्थलों, जुलूस मार्गों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों का संयुक्त भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। विसर्जन स्थलों पर प्रकाश, पेयजल एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ विद्युत सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। जुलूस मार्गों पर लटकते विद्युत तारों, पेड़ों की झुकी डालियों तथा खुली नालियों जैसी समस्याओं का समय से समाधान कराने के निर्देश भी दिए। पूर्व में घटनाएं या विवाद सामने आए स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
रामलीला एवं अन्य आयोजनों के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि महिला दर्शकों के बैठने की समुचित व्यवस्था के लिए सीटिंग प्लान तैयार किया जाए तथा प्रत्येक आयोजन में आवश्यकतानुसार स्वयंसेवकों की तैनाती की जाए। रावण दहन के दौरान पटाखों का सीमित एवं सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित करने तथा आबादी से पर्याप्त दूरी पर आयोजन किए जाने की स्थिति में ही नियमानुसार अनुमति देने के निर्देश दिए। पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित एवं चिन्हित स्थलों पर ही कराई जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आयोजन स्थलों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी अथवा आयोजकों की लापरवाही से कोई दुर्घटना होने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचनाओं की सत्यता की पुष्टि किए बिना उन्हें साझा न करें। सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान करते हुए ऐसा कोई कार्य न करें जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो। किसी भी विवाद या अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा कानून अपने हाथ में न लें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत एवं फोन कॉल पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित घाटों और विसर्जन स्थलों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था पहले से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। छठ पूजा के घाटों पर नाव एवं प्रशिक्षित गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा घाटों की गहराई का आकलन कर आवश्यक बैरिकेडिंग कराने को कहा गया। विद्युत विभाग को जुलूस एवं विसर्जन मार्गों पर लटकते तारों और क्षतिग्रस्त विद्युत खंभों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने सभी एसडीएम, सीओ एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि पूजा पंडाल समितियों, रामलीला आयोजकों एवं डीजे संचालकों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी नियमों की जानकारी दें। डीजे की आवाज निर्धारित डेसीबल सीमा के भीतर रखी जाए तथा अश्लील, भड़काऊ या किसी समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाले गानों के प्रसारण पर रोक सुनिश्चित की जाए। सभी आयोजन परंपरागत स्वरूप एवं निर्धारित शर्तों के अनुरूप ही सम्पन्न कराए जाएं।
पुलिस अधीक्षक ने पूजा पंडालों में अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा के मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराने पर जोर देते हुए कहा कि पंडाल हाईटेंशन विद्युत तारों के नीचे अथवा ट्रांसफार्मर के पास न बनाए जाएं। पंडाल में ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग न हो, कम से कम दो तरफ खुली जगह रखी जाए तथा प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग द्वार बनाए जाएं। अग्निशमन विभाग से आवश्यक सुरक्षा प्रमाणन प्राप्त करने के साथ बालू एवं पानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी एसडीएम एवं सीओ को आयोजकों के साथ बैठक कर सुरक्षा समितियों का गठन कराने तथा आयोजन स्थलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रशासन, पुलिस एवं आमजन के आपसी सहयोग से सभी त्यौहार सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराए जाएंगे। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता के लिए डायल-112 पर सूचना दें। शांति व्यवस्था भंग करने अथवा माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान आयोजक मंडलों द्वारा विद्युत, मार्ग, विसर्जन स्थलों एवं साफ-सफाई से संबंधित उठाई गई समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पवन कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी, संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, पूजा समिति के पदाधिकारी तथा संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
*दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट*
0 टिप्पणियाँ