कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण, जनप्रतिनिधियों ने शिक्षकों को सौंपे प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड

कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण, जनप्रतिनिधियों ने शिक्षकों को सौंपे प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड

 *कुशीनगर* ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने बीते बुद्धवार को वाराणसी से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया।
 इस अवसर पर प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान करने, 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता, मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी हेतु प्रति छात्र-छात्रा ₹1200 की धनराशि हस्तांतरित करने, 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा के लिए State Bank of India के साथ एमओयू (MoU) निष्पादित करने तथा राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सम्मानित करने के कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री के संबोधन एवं कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक फाजिलनगर सुरेंद्र सिंह कुशवाहा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था में व्यापक एवं सकारात्मक परिवर्तन हुए हैं। आज शिक्षक समयबद्ध एवं उत्तरदायित्वपूर्ण ढंग से विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं तथा पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में योगदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षक संकल्प ले लें तो समाज और व्यवस्था दोनों में परिवर्तन संभव है। इतिहास इसका साक्षी है कि एक शिक्षक के मार्गदर्शन में ही चंद्रगुप्त मौर्य जैसे महान सम्राट का निर्माण हुआ।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एवं शिक्षकों के संयुक्त प्रयासों से परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा शिक्षा की गुणवत्ता में भी निरंतर सुधार हो रहा है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना को उन्होंने शिक्षकों के हित में एक ऐतिहासिक एवं कल्याणकारी पहल बताते हुए कहा कि अब किसी शिक्षक का उपचार आर्थिक अभाव के कारण बाधित नहीं होगा। यह योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करेगी और उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रतीकात्मक रूप से शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूल बदन कुशवाहा, बीज विकास निगम के दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राजेश्वर सिंह, नगर पालिका परिषद पडरौना के अध्यक्ष प्रतिनिधि, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के गोरखपुर जोन के मैनेजर, बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 *दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट*

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ