टेकुआटार में मुख्यमंत्री के आगमन पर तैयारियां तेज, कुशीनगर विधायक व अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

कुशीनगर* ।
जनपद के टेकुआटार में आगामी 11 जुलाई को प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से विधायक पीएन पाठक ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गोरखपुर जोन के डीआईजी, पुलिस अधीक्षक कुशीनगर, उपजिलाधिकारी कसया सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंच, सभा स्थल, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

इस अवसर पर भाजपा मण्डल अध्यक्ष राजेश राव, अमरनाथ मदेशिया, पारसनाथ कुशवाहा, राधेश्याम मदेशिया, पवन मदेशिया, विनोद तिवारी, प्रदीप दुबे, रुद्र प्रकाश सिंह, शिबलू सिंह, शैलेन्द्र कुमार सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय सहयोग का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोग कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियों में जुटे हुए हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सौगातों की घोषणा हो सकती है।

 *दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट*

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ