इस्कॉन संस्था कुशीनगर द्वारा भगवान जगन्नाथ का भव्य रथयात्रा का हुआ आयोजन

 कुशीनगर
अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) विश्व की अग्रणी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संस्था है, जिसकी स्थापना श्रील ए. सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद ने वर्ष 1966 में की थी। संस्था का उद्देश्य श्रीमद्भगवद्गीता एवं वैदिक ज्ञान के सार्वभौमिक सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार करते हुए समाज में आध्यात्मिक जागृति, नैतिक मूल्यों तथा भगवान श्रीकृष्ण के पवित्र नाम के संकीर्तन का विस्तार करना है। 
वर्तमान में इस्कॉन 100 से अधिक देशों में अपने मंदिरों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, निःशुल्क प्रसाद वितरण, गीता प्रचार तथा आध्यात्मिक शिक्षा के माध्यम से मानवता की सेवा कर रहा है।

इसी क्रम में इस्कॉन कुशीनगर द्वारा पडरौना में श्री जगन्नाथ रथयात्रा का भव्य आयोजन किया गया

रथयात्रा का शुभारंभ दिनांक 16 जुलाई बृहस्पतिवार दोपहर 3:00 बजे श्री पिंजरा पोल गौशाला पडरौना से श्याम मंदिर होते हुए तथा नगर भ्रमण करते हुए साकेत बिहारी मंदिर में इसका समापन हुआ।

रथयात्रा में भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलदेव एवं सुभद्रा महारानी के दिव्य विग्रहों का अलौकिक दर्शन श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ। संपूर्ण यात्रा के दौरान हरे कृष्ण महामंत्र के आनंदमय एवं उत्साहपूर्ण संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो गया। छोटे बच्चों से लेकर युवा, महिलाएँ एवं वरिष्ठ नागरिक तक सभी आयु वर्ग के श्रद्धालु भगवान के नाम-संकीर्तन पर उल्लासपूर्वक नृत्य करते हुए इस दिव्य उत्सव में सहभागि हुए ।

रथयात्रा के प्रमुख आकर्षणों में भगवान जगन्नाथ के दिव्य दर्शन, हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन, श्रीमद्भगवद्गीता का वितरण, महाप्रसाद वितरण तथा भक्तों के उत्साह एवं आनंद से परिपूर्ण नृत्य विशेष रूप से शामिल रहा ।

समस्त नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं ने इस भव्य रथयात्रा में सपरिवार सम्मिलित होकर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया ।
इस कार्यक्रम में पिंजरापोल गौशाला से श्री अखिलेश गोयल,श्री श्याम मित्र मंडल से श्री मनीष अग्रवाल मारवाड़ी युवा मंच से गौरव अग्रवाल,सुमित शर्मा  एवं मयंक अग्रवाल एवं इनके समस्त पदाधिकारीगण का अभूतपूर्व सहयोग प्राप्त हुआ।

उक्त समस्त जानकारी मंदिर उपाध्यक्ष श्रीमान गर्ग मुनि दास द्वारा प्रदान की गई।

 *दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट*

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ