*फोन से लिया उच्चाधिकारियों की लगाई क्लास,सख्त कार्यवाही के दिये निर्देश।*
*कुशीनगर* ।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अहिरौली बाजार में शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब क्षेत्रीय विधायक पीएन पाठक औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य द्वार पर ताला लटका देख विधायक नाराज हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक और कर्मचारियों के नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहने की शिकायत की।
ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि स्वास्थ्य केंद्र से क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने में परेशानी होती है। कई बार मरीजों को उपचार के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है। ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने तत्काल उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क किया और मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही।
विधायक पीएन पाठक ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर जांच करने तथा जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्था में लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विधायक पीएन पाठक शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण पर निकले थे और ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अहिरौली बाजार में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतें उनके सामने रखीं। ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद विधायक तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। वहां पहुंचने पर केंद्र बंद मिला और मुख्य द्वार पर ताला लटका हुआ था। केंद्र पर किसी चिकित्सक या कर्मचारी के मौजूद नहीं मिलने पर विधायक ने नाराजगी जताई।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पांच कर्मचारियों की तैनाती बताया जा रहा है। इनमें फार्मासिस्ट ओमप्रकाश सिंह, वार्ड ब्वाय सत्य प्रकाश शर्मा, एलटी पंकज कन्नौजिया, एसएलटी अर्जुन यादव तथा स्टाफ नर्स शिखा कुमारी शामिल हैं। विधायक के निरीक्षण के दौरान इनमें से कोई भी कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था।मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रभारी चिकित्सा अधिकारी हाटा डा. अजय सिंह तथा राजस्व निरीक्षक शिव मुरारीलाल श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर कर्मचारियों की उपस्थिति और केंद्र बंद होने के कारणों की जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने मौके पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
*दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट*
0 टिप्पणियाँ