*विधायक के निर्देश पर मौके पर पहुंचे बीएसए और पंचायत विभाग के अधिकारी, व्यवस्था सुधारने का दिया आश्वासन*
*कुशीनगर* ।
केंद्र और प्रदेश सरकार जहां ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा कर रही है, वहीं अहिरौली राजा स्थित पूर्व माध्यमिक और प्राथमिक विद्यालय और बाजार की बदहाल स्थिति विकास के दावों को आईना दिखा रही है।
शुक्रवार को अहिरौली राय, अहिरौली राजा और गोबरही सहित अन्य गांवों में मोटरसाइकिल भ्रमण पर निकले कुशीनगर विधायक पीएन पाठक ने क्षेत्र में जनसमस्याओं की जमीनी जानकारी ली तो उन्हें मौके पर कई खामियां मिलीं। विधायक ने अहिरौली बाजार स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया।
विद्यालय परिसर के चारों ओर जलजमाव और गंदगी का अंबार देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह को दूरभाष पर तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए।विधायक के निर्देश पर पहुंचे बीएसए सिंह ने विद्यालय का निरीक्षण कर जल्द व्यवस्था दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया।
इसके बाद विधायक ने अहिरौली बाजार का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने जल निकासी और गड्ढों,पोखरी पर दबंगों द्वारा अवैध अतिक्रमण के कारण जल जमाव व डूबते फसल की समस्या रखी तो दुकानदारों ने बाजार में फैली गंदगी को साफ कराने, शौचालय को ठीक कराने व बाजार का कायाकल्प की मांग रखी। बाजार में जगह-जगह गंदगी, जाम नालियां और जलजमाव मिला। लंबे समय से जमा पानी से दुर्गंध उठ रही थी, जिससे लोगों ने संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका जताई। बाजार में बने सार्वजनिक शौचालय की स्थिति भी बदतर मिली।
विधायक ने तत्काल जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। डीपीआरओ ने मौके पर अधीनस्थों को भेज कर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विधायक पीएन पाठक ने कहा कि जनता को योजनाओं का लाभ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरे विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास कराया जा रहा है। भ्रमण के दौरान मंडल अध्यक्ष राजेश राव, ग़ुलाब गुप्ता,दिनेश कुमार जायसवाल, विनोद गिरी,चंद्रबली गोंड,अविनाश पांडेय, अमरनाथ मद्धेशिया, संजीव सिंह(सिब्लू),अनूप तिवारी,संजीव दुबे,गोपाल राव, विनोद तिवारी, दुर्गेश जायसवाल, ग्यास आलम,कामता प्रजापति, शिवम मद्धेशिया,सन्नी सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
*दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट*
0 टिप्पणियाँ