महिलाओं के प्रति अपराध करने वालों को सजा दिलाने में यूपी नंबर वन, एडीजी कानून-व्यवस्था का दावा



 लखनऊ ।महिलाओं के प्रति अपराध करने वालों को सजा दिलाने में पिछले वर्ष यूपी देश में नंबर एक पर रहा है। पिछले साल प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराध के 15,579 मामलों में सजा दिलाई गई। अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के वर्ष 2019 के जारी आंकड़ों के हवाले से यह दावा किया। 

प्रशांत कुमार ने बताया कि साइबर अपराध के 272 मामलों में भी अपराधियों को सजा दिलाकर उत्तर प्रदेश पहले नंबर पर रहा। इसी तरह बीते वर्ष रिकॉर्ड 3 लाख 87 हजार अपराधियों को गिरफ्तार कर यूपी ने पहला स्थान हासिल किया। 2018 में यूपी दूसरे स्थान पर था। 

वहीं आबादी के लिहाज से 2019 में हत्या व हत्या के प्रयास की घटनाओं में यूपी पूरे देश में 28वें नंबर पर, लूट में 23वें, बलात्कार के मामलों में 26वें, नकबजनी में 30वें, आईटी एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के मामलों में पांचवें स्थान पर रहा है। उन्होंने बताया कि अन्य अपराधों के नियंत्रण में भी पिछले वर्षों की अपेक्षा काफी बेहतर स्थिति रही है।

बलात्कार और हत्या के मामलों में कमी 

एनसीआरबी की रिपोर्ट के मुताबिक यूपी में बलात्कार की घटनाओं में कमी आई है। 2018 में यहां बलात्कार की 3277 घटनाएं हुई थीं, जबकि 2019 में 3065 घटनाएं हुईं। इसी तरह 2018 में हत्या की 4018 घटनाएं हुई थीं, जबकि 2019 में 3806 घटनाएं हुईं। वहीं, 2018 में यूपी में महिलाओं के प्रति अपराध की 59,445 घटनाएं हुई थीं, जबकि 2019 में 59,853 घटनाएं हुईं। 2017 में यह आंकड़ा 56,011 था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ