गोंडा से बृजेश सिंह की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से भारतीय जनता पार्टी के लिए शर्मनाक खबर सामने आई है। जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप का एक आपत्तिजनक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे पार्टी कार्यालय में ही एक महिला कार्यकर्ता के साथ अनुचित स्थिति में नजर आ रहे हैं। यह वीडियो कथित रूप से 12 अप्रैल का बताया जा रहा है।
वीडियो के वायरल होते ही प्रदेश भाजपा नेतृत्व हरकत में आया और पार्टी की ओर से कश्यप को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि जिलाध्यक्ष के कृत्य से पार्टी की छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा है, जो अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।
शुक्ला ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि यदि समय से स्पष्टीकरण नहीं दिया गया या दिया गया उत्तर संतोषजनक नहीं पाया गया, तो पार्टी कठोरतम अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को बाध्य होगी।
सूत्रों के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद जिले के ही एक पार्टी कार्यकर्ता ने इसकी शिकायत प्रदेश अध्यक्ष से की थी। इस पर गंभीरता दिखाते हुए पार्टी ने त्वरित कार्रवाई की पहल की।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब कुछ ही दिन पहले बलिया के भाजपा नेता बब्बन सिंह रघुवंशी को महिला डांसर के साथ अश्लील हरकत करने के मामले में पार्टी से निष्कासित किया गया था।
भाजपा ने हाल के समय में अनुशासन के मामलों में बेहद सख्त रुख अपनाया है और इस प्रकरण को भी उसी नीति के तहत देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप का स्पष्टीकरण क्या होता है और पार्टी की अगली कार्रवाई क्या रूप लेती है।
0 टिप्पणियाँ