डुवासु मथुरा का 15वाँ दीक्षांत समारोह 10 मार्च को, 177 विद्यार्थियों को मिलेंगी डिग्रियाँ

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अलावा मंत्री धर्मपाल सिंह लेंगे भाग
संवाददाता आलोक तिवारी 
उत्तर प्रदेश पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान (डुवासु) का 15वाँ दीक्षांत समारोह 10 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अभिजित मित्र के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि भारत सरकार के पशुपालन आयुक्त डॉ. नवीन बी. महेश्वरप्पा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

दीक्षांत समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा कुल 177 डिग्रियाँ प्रदान की जाएँगी। इनमें 69 डिग्रियाँ बीवीएससी एवं एएच, 74 स्नातकोत्तर डिग्रियाँ, 5 पीएचडी डिग्रियाँ तथा 29 बायोटेक्नोलॉजी की डिग्रियाँ शामिल हैं। शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए विद्यार्थियों को 20 पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 14 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं।

समारोह में स्नातकोत्तर के 4 सर्वश्रेष्ठ शोधप्रबंध पुरस्कार, 1 पीएचडी शोधप्रबंध पुरस्कार और 1 सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

विश्वविद्यालय के अनुसंधान एवं शैक्षणिक विकास को बढ़ावा देने के लिए इस वर्ष विभिन्न संस्थानों के साथ 7 नए समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिससे सक्रिय एमओयू की कुल संख्या 31 हो गई है। कार्यक्रम के दौरान 2 पुस्तकों, विश्वविद्यालय समाचार-पत्र और ‘पशुधन पत्रिका’ का भी लोकार्पण किया जाएगा।

इसके अलावा सामाजिक दायित्व के तहत 25 आंगनवाड़ी केंद्रों को अवसंरचना सुदृढ़ीकरण हेतु किट वितरित की जाएँगी। विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र द्वारा गोद लिए गए पाँच गाँवों के विद्यालयों में आयोजित चित्रकला, देशभक्ति गीत और भाषण प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को भी समारोह में राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह दीक्षांत समारोह संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुसंधान गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ