गेंहू लदा तेज रफ्तार से जा रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलटा, चालक की दबकर मौत


पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद हाइड्रा की मदद से निकाला शव* 
 *कुशीनगर* 
जनपद के नपाप कुशीनगर के रामकोला मार्ग पर रविवार की शाम गेहूं से लदा एक ट्रेलर जो रामकोला से कसया की तरफ आ रहा था, सेमरी गाँव के समीप मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक केबिन में दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।राहगीरों की सूचना पर आई पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद हाइड्रा की सहायता से चालक को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, अर्जुन यादव (35) पुत्र सुरेंद्र यादव, निवासी भठही बाबू जो ट्रेलर चालक थे। रविवार की शाम वह गेहूं लदा ट्रेलर लेकर घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि ट्रेलर पर शुरुआत में दो लोग सवार थे, लेकिन एक व्यक्ति रास्ते में ही उतर गया। जब ट्रेलर सेमरी गांव के समीप मोड़ पर पहुंचा तो तेज गति होने के कारण  चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में ट्रेलर के चारों पहिए ऊपर हो गए और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। उसका एक पैर केबिन से बाहर दिखाई दे रहा था।
घटना की सूचना पर कसया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहले जेसीबी की मदद से ट्रेलर उठाकर चालक को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद हाइड्रा मशीन मंगाई गई। घंटों की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकालकर  सीएचसी कसया भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में कसया थाना प्रभारी इत्यानंद पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही चालक के परिवार में चीख पुकार मच गई और पूरे गाँव में मातम छा गया।

 *दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट*

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ