*भाजपा सरकार ने नारी को सशक्त करने का किया है कार्य:सांसद*
*कुशीनगर* । स्थानीय बिरला धर्मशाला में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा कुशीनगर विधानसभा का नारी शक्ति वन्दन सम्मेलन आयोजित किया गया जिसमें भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिला प्रभारी रमेश सिंह और सांसद विजय कुमार दूबे द्वारा मोदी सरकार द्वारा पेश किए गए नारी शक्ति वंदन विधेयक पर महिलाओं को जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में महिला आरक्षण बिल ‘नारी शक्ति वंदन’ पास कर महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है। पूर्व की पार्टियां महिलाओं को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करती थीं। परन्तु जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आई है, उन्होंने महिलाओं के स्वावलंबन, सम्मान के लिए अनेकों कार्य किए। लोकसभा व विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण कराकर राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई है। उज्ज्वला योजना से घर-घर शौचालय का निर्माण करके महिलाओं के सम्मान की रक्षा की है।
जिला प्रभारी रमेश सिंह ने कहा कि जिस प्रकार सभी लोगों ने 2019 में मोदी तथा 2017 और 22 में योगी को जीत का आशीर्वाद दिया था, उसी प्रकार 2024 में मोदी को फिर से ऐतिहासिक मतों से जिताकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनवानी है।
सांसद विजय कुमार दूबे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार ने नारी को सशक्त करने का काम किया है। अब नारी अपनी शक्ति को पूरी तरह पहचान गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं की समृद्धि, सम्मान का मार्ग प्रशस्त हुआ। महिलाओं के कल्याण के लिए समर्पित योजना के माध्यम से शिक्षा, रोजगार, आर्थिक दृष्टि समृद्धि की पूरी व्यवस्था निहित है।
भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि महिलाओं की राजनीति में अधिक से अधिक भागीदारी के लिए मोदी सरकार ने नारी शक्ति वंदन विधेयक के रूप में महिलाओं को एक ऐतिहासिक उपहार दिया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चन्द्रप्रभा पाण्डेय ने स्वागत एवं आभार व्यक्त किया और संचालन जिला महामंत्री रुपम सिंह ने किया।इस अवसर पर कुशीनगर नगर पालिका अध्यक्ष किरन जायसवाल, पडरौना नगर पालिका अध्यक्ष विनय कुमार जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष दिवाकर मणि त्रिपाठी, जिला मंत्री विवेकानंद शुक्ल, डॉ सीमा गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी विश्वरंजन कुमार आनन्द, मण्डल अध्यक्ष अनिल प्रताप राव,महिला मोर्चा जिला महामंत्री विन्ध्वासिनी मिश्रा उपाध्यक्ष रानी शुक्ला, वन्दना ठाकुर,सुगन्धा सिंह, नूतन दूबे, जिला मंत्री मुन्नी तिवारी,सरिता मिश्रा, रिम्पा सिंह, अंजली मौर्य,शलमा, सीता गुप्ता सहित सैंकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं।
*दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट।*
0 टिप्पणियाँ