पुलिस ने भटके हुए बच्चे को सकुशल परिजनों को सौंपा, मां ने पुलिस का जताया आभार

कुशीनगर (न.पा.प.)में शनिवार को एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने अपने मां के साथ आया 8 वर्षीय बच्चा भटक कर एनएच 28 पर आ गया। सूचना पाकर पहुंची स्थानीय पुलिस ने बच्चे को सकुशल उसके परिजनों को सौंपा।
कुशीनगर चौकी से दो सौ मीटर आगे झुंगवा कट के पास शनिवार को दोपहर लगभग 2 बजे राहगीरों को एक बच्चा रोता हुआ दिखाई दिया। 

किसी ने इसकी सूचना कुशीनगर चौकी को दिया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी कुशीनगर गौरव शुक्ला मुख्य आरक्षी राम सिंह और आरक्षी राहुल पांडेय के साथ मौके पर पहुंचे। टीम बच्चे को सकुशल पुलिस चौकी ले आई। बच्चे को जलपान कराकर पूछताछ की गई। बच्चे ने अपना नाम प्रिंस वर्मा बताया। वह अपने पते में सिर्फ दहारीपट्टी का नाम ही बता पाया।

 पुलिस द्वारा काफी खोजबीन के बाद पता चला कि बच्चा प्रिंस वर्मा धर्मेंद्र प्रसाद का पुत्र है। वह ग्राम दहारीपट्टी थाना तुर्कपट्टी जनपद कुशीनगर का रहने वाला है। चौकी प्रभारी गौरव शुक्ला ने बताया कि प्रिंस अपने परिजनों के साथ एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने कुशीनगर आया था। 

वह कार्यक्रम स्थल से भटककर राष्ट्रीय राजमार्ग 28 पर पहुंच गया था। काफी खोजबीन के बाद बच्चे को उसके परिजनों को सकुशल सौप दिया गया।बच्चे की मां रो-रोकर बेहाल थी। बच्चे की मां ने त्वरित कार्यवाही के लिए कुशीनगर पुलिस का धन्यवाद किया। इस सराहनीय कार्य में चौकी प्रभारी कुशीनगर गौरव शुक्ल, मुख्य आरक्षी राम सिंह और आरक्षी राहुल पांडेय शामिल रहे।
 *दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट*

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ