सीतापुर के गोंदलामऊ में स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी मंदिर प्रांगण में श्री दुर्गा पूजा सेवा समिति के तत्वावधान में मां भगवती का 13वां जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में ग्रामीण अंचल से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिन्होंने देर रात तक भजनों का आनंद लिया। कानपुर से आए सनी सरताज म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।
जागरण के दौरान कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। गायक सनी सरताज ने 'मेरी अंखियों के सामने ही रहना शेरों जगदंबे' और नैना किकर ने 'अंबे जी के रंग बरसे', 'कजरारे तेरे मोटे मोटे नैन' तथा 'बम बोले बम बोले बम बम' जैसे भजनों से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में भगवान गणपति, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण और महाकाली की आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं, जिन्होंने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूरी रात चले इस जागरण में भक्तों ने मां भगवती के भजनों पर झूमते और नृत्य करते हुए अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने दरबार में नतमस्तक होकर अपने परिवार की सुख-शांति के लिए मन्नतें मांगीं। सुबह जागरण के कलाकारों द्वारा तारा रानी की कथा सुनाई गई, जिसके बाद प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान 'जय माता दी' के जयकारों से पूरा पंडाल गूंजता रहा।
इस अवसर पर दिनेश शर्मा, राम रतन, गया राम, चंदन, ग्राम प्रधान अखिलेश कुमार, अशफाक ख़ान सहित कई गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ