मुजफ्फरनगर में अतिपिछड़ा-महादलित अधिकार आंदोलन, नई राजनीतिक पार्टी और पर्पल झंडे का ऐलान

मुजफ्फरनगर में अतिपिछड़ा-महादलित अधिकार आंदोलन, नई राजनीतिक पार्टी और पर्पल झंडे का ऐलान


मुजफ्फरनगर।
 24 सितंबर को कलेक्ट्रेट परिसर में सामाजिक न्याय क्रांति मोर्चा के बैनर तले अतिपिछड़ा-महादलित अधिकार आंदोलन आयोजित किया गया। 


इस मौके पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर देवेंद्र कश्यप ने ऐतिहासिक ऐलान करते हुए कहा कि अब तक देश और प्रदेश की तमाम सरकारों—चाहे वह कांग्रेस, भाजपा, सपा या बसपा रही हो उन्होंने केवल अतिपिछड़ा और महादलित समाज से वोट लेकर उन्हें अधिकारों से वंचित किया है।


देवेंद्र कश्यप ने कहा कि इन समाजों की उपेक्षा से अब लोग जाग चुके हैं और 2027 तक सत्ता तक पहुंचकर उन्हें राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाएगा। इसी कड़ी में उन्होंने नई राजनीतिक पार्टी के गठन और पर्पल रंग के झंडे को पार्टी के प्रतीक चिन्ह के रूप में अपनाने की घोषणा की।


कलेक्ट्रेट से शुरू हुआ यह आंदोलन हजारों की भीड़ के बीच शक्ति प्रदर्शन में बदल गया। समर्थकों ने “देवेंद्र कश्यप जिंदाबाद” और “सामाजिक न्याय क्रांति मोर्चा जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए प्रकाश चौक, महावीर चौक से होते हुए राजकीय इंटर कॉलेज मैदान तक विशाल जुलूस निकाला। वहां से मौजूदा सरकार और अन्य राजनीतिक दलों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने यह संदेश दिया कि अतिपिछड़ा और महादलित समाज अब अपने अधिकारों के लिए राजनीतिक रूप से संगठित होने को तैयार है। देवेंद्र कश्यप ने इसे बदलाव की शुरुआत बताते हुए कहा कि यह आंदोलन सिर्फ सत्ता परिवर्तन के लिए नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और असमानता खत्म करने के लिए है।


मुजफ्फरनगर की धरती से उठी यह आवाज आने वाले वर्षों की राजनीति में नई दिशा देने का संकेत मानी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ