डीएम ने कलेक्ट्रेट परिसर में चकबन्दी अधिकारी सदर प्रथम न्यायालय का किया उद्घाटन

प्रतापगढ़ संवाददाता गणेश राय 


 प्रतापगढ़ जनपद में चकबन्दी से संबंधित कार्यों को अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित शासकीय भवन में चकबन्दी अधिकारी सदर प्रथम के कार्यालय न्यायालय का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया और इसे संचालित करा दिया। उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि निजी भवनों में संचालित कार्यालयों के स्थान पर शासकीय भवनों में कार्यालय स्थापित होने से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और सुगमता बढ़ेगी।


इससे चकबन्दी से संबंधित मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी तथा किसानों और आम जनता को एक ही परिसर में बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि चकबन्दी से जुड़े मामलों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यालय संचालित होने से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले किसानों को भी न्यायालय और प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचने में सुविधा होगी। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी अरविन्द द्विवेदी सहित अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ