6 दिन से फूंका ट्रांसफार्मर, पानी और सड़क संकट पर फूटा किसानों का गुस्सा, किसान कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी*

*6 दिन से फूंका ट्रांसफार्मर, पानी और सड़क संकट पर फूटा किसानों का गुस्सा, किसान कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी*
*मऊरानीपुर के पचवई में विशाल किसान पंचायत, 24 घंटे में ट्रांसफार्मर बदलने और पुल निर्माण की मांग*


झांसी! मऊरानीपुर उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के बैनर तले तहसील मऊरानीपुर की ग्राम पंचायत रौनी के गांव पचवई में किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर विशाल किसान पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। किसानों ने बताया कि गांव में लगा 63 केवी का ट्रांसफार्मर पिछले 6 दिनों से फूंका पड़ा है, जिससे भीषण गर्मी में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विद्युत विभाग के अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं
पंचायत में ग्रामीणों ने हर घर नल योजना की भी पोल खोली। ग्रामीणों का कहना था कि आधे गांव तक आज भी पानी नहीं पहुंच रहा है। शिकायत करने पर अधिकारी केवल एक दिन के लिए व्यवस्था ठीक कर फोटो खिंचवाकर चले जाते हैं, जिसके बाद फिर वही समस्या शुरू हो जाती है। गर्मी के चलते गांव में पेयजल संकट गहरा गया है और महिलाएं व बच्चे दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर हैं
ग्रामीणों ने गांव को मऊरानीपुर से जोड़ने वाली सड़क और बीच में बने रिपटे की समस्या भी उठाई। बताया गया कि रिपटे पर आज भी पानी भरा हुआ है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। बच्चों को स्कूल जाने और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द पुल निर्माण और सड़क को सुचारू कराने की मांग की
किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिव नारायण सिंह परिहार ने पंचायत में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत विभाग की तानाशाही और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया और पेयजल समस्या का समाधान नहीं हुआ तो विद्युत विभाग का घेराव किया जाएगा। साथ ही पुल निर्माण और सड़क सुधार को लेकर बड़ा आंदोलन भी किया जाएगा
पंचायत में कृष्ण कुमार, भगवान दास, देवेंद्र, शिशुपाल, सुरेंद्र कुमार, रघुवीर, बाबूलाल, अर्जुन, महीपत, अखिलेश, चंद्रपाल, संतोष, उमाशंकर, मनीष कुमार, धर्मेंद्र, रामप्यारी, रितु, धर्मेश कुशवाहा, अशोक कुशवाहा, देवेंद्र अहिरवार समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ