*सिर्फ सत्ता नहीं समाज में राष्ट्र चेतना का संकल्प*
*पश्चिम बंगाल में महाविजय संगठन विस्तार एवं भाजपा की कार्यपद्धति का प्रतिफल*: *डॉ रमापति राम त्रिपाठी*
*कुशीनगर*
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के अन्तर्गत गुरुवार को पडरौना नगर के एक होटल में दो दिवसीय आवासीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का दीप प्रज्ज्वलित एवं प्रदर्शनी के साथ शुभारंभ हुआ।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व सांसद डा रमापति राम त्रिपाठी ने संगठन विस्तार एवं कार्य पद्धति विषय को विस्तार से रखते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का सिर्फ सत्ता पाना उद्देश्य नहीं है बल्कि समाज में राष्ट्रीय चेतना का जागरण करना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का विस्तार मतलब समाज के सभी वर्गों का संगठन में प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्र प्रथम की अवधारणा को पूरा करना है। संगठन विस्तार पर डॉ त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सुसंगत प्रयास, उत्तरदायित्व की स्पष्टता एवं निरंतर अपनी समीक्षा से पार्टी के परिवार को विस्तार दे रही है। भाजपा सरकार प्राथमिकता निर्धारण कर वंचित वर्ग के हित में सभी विकास कार्यक्रम की रुपरेखा बनाई जाती है जहां एकमात्र उद्देश्य एवं पहली प्राथमिकता अन्त्योदय की है।
उन्होंने कहा कि *पश्चिम बंगाल का महाविजय भी संगठन विस्तार एवं भाजपा की कार्यपद्धति का प्रतिफल है*। सत्र की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने करते हुए कहा कि मैं गर्व से कहता हूं कि मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान यही है कि मैं भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता हूं। संगठन ही जीवन की शक्ति है।
द्वितीय सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश सरकार में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विचार रखते हुए कहा कि मोदी सरकार ने जनता की बुनियादी सुविधाओं का ध्यान रखते हुए पीएम आवास योजनान्तर्गत चार करोड़ पक्का घर,जल जीवन मिशन के अन्तर्गत हर घर जल पहुंचाने, स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत करोड़ों शौचालय निर्माण कर लोगों के जीवनस्तर में सुधार लाने का कार्य किया है। किसानों के आय एवं आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए पीएम किसान सम्मान निधि से 11 करोड़ से अधिक किसानों को लाभान्वित किया गया है, प्रधानमंत्री फसल बीमा के अन्तर्गत फसलों की जोखिम से सुरक्षा दे रही है।
पीएम मुद्रा योजना के अन्तर्गत करोड़ों जरुरतमंदों को बिना गारंटी लोन दिया गया है। गरीब कल्याण अन्न योजना से 81 करोड़ लाभार्थियों को प्रतिमाह मुफ्त राशन दिया जा रहा है। मध्यम वर्ग को लाभ देते हुए भाजपा सरकार ने 12 लाख तक आय के नागरिकों को करमुक्त किया है। सत्र की अध्यक्षता करते हुए सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगुवाई में देश किसी भी विषम परिस्थितियों से निपटने में सक्षम है।
तीसरे सत्र में क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ बच्चा नवीन ने मीडिया प्रबंधन एवं आई टी विभाग के संयोजक हिंमाशु राज पंडित ने सोशल के उपयोग का तरीका बताया।
चतुर्थ सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ल ने कहा कि राजनीति केवल पदभार नहीं बल्कि महत्वपूर्ण उत्तरदायित्व है।
पंचायत प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक रमेश सिंह ने पंचम सत्र में भारतीय जनता पार्टी के इतिहास विकास विषय पर बोलते हुए पार्टी के शून्य से शिखर तक की यात्रा पर विस्तार से चर्चा किया। छठवें सत्र में क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता ने बूथ प्रबंधन विषय का गुर सिखाते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ विजय का मंत्र दिया। आई टी विभाग जिला संयोजक नमो नारायण मौर्य ने सभी सत्रों में पीपीटी द्वारा विषय प्रस्तुत किया।
अन्य सत्रों की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष जगदम्बा सिंह, लल्लन मिश्र, डॉ प्रेमचंद मिश्र, जयप्रकाश शाही ने किया। प्रशिक्षण में किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष व वर्ग प्रभारी कामेश्वर सिंह, वर्ग प्रमुख पूर्व जिलाध्यक्ष नन्द किशोर मिश्र, राज्य सभा सांसद आरपीएन सिंह, विधायक मनीष जायसवाल,पीएन पाठक, विवेकानंद पाण्डेय, मोहन वर्मा, सुरेंद्र सिंह कुशवाहा, विनय प्रकाश गोंड, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल,किरन जायसवाल, जिला महामंत्री विवेकानंद शुक्ल, अतुल श्रीवास्तव, रामगोपाल गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण गुंजन, चन्द्र प्रभा पाण्डेय, धन्नजय राय, विश्वरंजन कुमार आनन्द, अमित राय, जिला पदाधिकारी, मण्डल अध्यक्ष, जिला कार्यसमिति सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
*कुशीनगर से दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट*
0 टिप्पणियाँ