सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बरगदिया गांव के पास आंध्र प्रदेश के श्रद्धालुओं से भरी एक प्राइवेट बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई।
हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी समेत बस में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बस सवार एक युवक की भी मौत हो गई। आंध्र प्रदेश के श्रद्धालु नैमिष दर्शन कर लखनऊ लौट रहे थे। इसी दौरान मिश्रिख रोड पर बस की बाइक सवार से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बाइक सवार युवक की मौत
हादसे में बाइक सवार ओम प्रकाश (50) पुत्र परमेश्वर की मौके पर मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी जयदेवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने जेसीबी और क्रेन की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
बस में सवार करीब 30 यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मौके पर पहुंचे एएसपी
घटना की सूचना पर एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सीधा कराया और यातायात बहाल कराया। एएसपी दुर्गेश सिंह ने बताया कि बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर पलट गई थी। हादसे में एक बाइक सवार की मौत हुई है, जबकि बस में सवार तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बस में सवार सभी घायल आंध्र प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों में राघवम्मा पुत्री श्रीनिवास राव (42), श्रीनिवास राव (52), कमनैनी (55), पद्मा पत्नी पद्मावेद (50), आनंद कुमार नाईक (65), निवास राव (58), नागा राजा कुमारे (58), साईं (25), रमेश (58), ललिता (52), फेंवी तेजा (28), भारती (60), प्रियंका (30), साईं राम (30), गायत्री (50), प्रवीण (50) और डॉ. तेजा (25) शामिल हैं।
वहीं मृतकों में बाइक सवार युवक प्रकाश कुमार पुत्र परमेश्वर निवासी संदना, सीतापुर के अलावा बस में सवार टूर ऑर्गनाइजर शिवकुमार (40) की उपचार के दौरान मौत हो गई। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए डीएम राजा गणपति आर और एसपी अंकुर अग्रवाल मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
0 टिप्पणियाँ