तालाब में डूबने से युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

तालाब में डूबने से युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
ईंट भरने गया था युवक, गर्मी से राहत पाने तालाब में उतरा और गहरे पानी में डूब गया

 बंगरा/झांसी।
थाना सकरार क्षेत्र के ग्राम बुढ़ाबली में उस समय मातम छा गया, जब गांव के एक 23 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। युवक अपने परिवार के लोगों के साथ पड़ोसी गांव मगरवारा में कच्चे गुम्मे (ईंट) की खरीदारी करने गया था। भीषण गर्मी के चलते वह तालाब में नहाने उतर गया, लेकिन गहरे पानी में चले जाने से उसकी जान चली गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम बुढ़ाबली निवासी 23 वर्षीय हरेंद्र कुमार पुत्र दामोदर अहिरवार अपने ट्रैक्टर से ईंट भरने के लिए गांव मगरवारा गया हुआ था। उसके साथ परिवार के अन्य लोग भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में अत्यधिक गर्मी पड़ रही थी, जिसके चलते हरेंद्र तालाब में नहाने के लिए उतर गया। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तैरना न आने के कारण पानी में डूबने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक को डूबता देख परिजनों ने शोर मचाया और आसपास मौजूद लोग उसे बचाने के लिए तालाब की ओर दौड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद युवक को तालाब से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंगरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की असमय मौत से गांव बुढ़ाबली सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। बताया गया है कि मृतक हरेंद्र कुमार बीए फाइनल वर्ष का छात्र था और पढ़ाई के साथ परिवार का हाथ भी बंटाता था। उसकी अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलने पर कटेरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मऊरानीपुर भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

गांव में पसरा मातम

युवक की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि हरेंद्र स्वभाव से बेहद मिलनसार और मेहनती युवक था। उसकी मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ