*एयरपोर्ट के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्यव जरूरी:पीएन पाठक*
*कुशीनगर*
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण
अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा कुशीनगर की सलाहकार समिति की बैठक शुक्रवार को कुशीनगर स्थित एक निजी होटल में संपन्न हुई। इसमें एयरपोर्ट के विकास, नियमित उड़ान संचालन, यात्री सुविधाओं , सुरक्षा और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई। समिति के अध्यक्ष सांसद विजय दूबे और उपाध्यक्ष विधायक पीएन पाठक ने अधिकारियों से एयरपोर्ट पर उड़ान को लेकर प्रभावी प्रयास करने का निर्देश दिया।
बैठक में सांसद विजय दुबे ने कहा कि कुशीनगर एयरपोर्ट का निर्माण करीब 22 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद पूरा हुआ। वर्ष 2021 में इसका उद्घाटन हुआ, लेकिन अभी तक नियमित उड़ानें शुरू नहीं हो सकीं। पहले यहां बाउंड्रीवल कई स्थानों पर तोड़ दिए गए थे, चारागाह बन कर रहा था।
रोशनी और मार्ग की कोई व्यवस्था नहीं थी, लेकिन पहल करते हुए काफी संघर्ष करके इस तरह से हवाई अड्डा तैयार कराया गया हैं।
यहां से दिल्ली की उड़ान भी शुरू हुई थी लेकिन किन्हीं कारणों से बंद हो गई। उन्होंने कहा कि कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन स्थल है, इसलिए यहां से देश-विदेश के यात्रियों की सुविधा के लिए नियमित उड़ान जरूरी है। उड़ान जल्द ही शुरू होगी इसके लिए प्रयास किया जा रहा हैं।
सांसद ने आईएलएस (इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम) का कार्य लंबित रहने पर नाराजगी जताते हुए एयरपोर्ट डायरेक्टर प्राणेश राय को इसे जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने बताया कि आईएलएस निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर कर लिया गया है। पेड़ों की कटान, टावर हटाने और बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान कर दिया गया है।
एयरइंडिया एक्सप्रेसवे ने दिल्ली से कुशीनगर, बनारस और बैंकाक की उड़ान सहमति जताई थी उसे शुरू कराया जाय। बाद में समय का बदलाव करवा लिया जाएगा।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि एयरपोर्ट पर पुलिस चौकी की मांग स्वीकृत कर दी गई है। उन्होंने बताया कि आईएलएस लगने के बाद खराब मौसम और रात में भी विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ में सुविधा मिलेगी।
विधायक पीएन पाठक ने कहा कि एयरपोर्ट के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से नियमित फीडबैक मिलना चाहिए, ताकि समस्याओं का समाधान समय से कराया जा सके।
बैठक में एयरपोर्ट को भविष्य में कार्गो हब के रूप में विकसित करने, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को शुरू कराने और एयरलाइंस कंपनियों से समन्वय बनाने पर भी चर्चा हुई। पुरानी बिल्डिंग का उपयोग कार्गो संचालन के लिए किए जाने का सुझाव भी दिया गया। इससे कुशीनगर के अलावा पूर्वांचल, बिहार और नेपाल के किसानों को अपना उत्पाद बड़े बाजारों में भेजकर अच्छा लाभ मिलेगा। एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से बताया गया कि एफटीओ (फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन) के लिए नार्वे और भारतीय कंपनियों ने स्थान की मांग की है। इसके लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। वही यहां से उड़ान के लिए डीजीसीए से लाइसेंस भी मिल चुका है।
संचालन अनिल कुमार और निशि गंधा ने संयुक्त रूप से किया। स्वागत एयरपोर्ट डायरेक्टर प्राणेश राय ने किया। इस दौरान एसपी केशव कुमार, एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल, सीओ संजीव कुमार, जयप्रकाश यूनानी, पीयूष कुमार चौधरी, नरेंद्र कुमार, रजनीकांत, पर्यटन सूचना अधिकारी डॉ. प्राण रंजन, सलाहकार समिति के सदस्य अजय गोविंद राव शिशु, ओमप्रकाश जायसवाल, अमीय गुप्ता, शशांक उपाध्याय, गौरव और सोनू गुप्ता व राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।
*दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट*
0 टिप्पणियाँ