मुख्यमंत्री के कुशीनगर आगमन को लेकर विधायक पी.एन पाठक ने डीएम एसपी संग कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण*

कुशीनगर
माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंगलवार को कुशीनगर आगमन एवं निर्माणाधीन गौतमबुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के संभावित निरीक्षण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर सोमवार को कुशीनगर विधायक पीएन पाठक ने जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार सहित अधिकारियों की टीम के साथ विश्वविद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर बुद्धा पार्किंग स्थल पर उतर सकता है। वहां से वह सड़क मार्ग से विश्वविद्यालय परिसर पहुंचेंगे और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए बुद्ध मंदिर मार्ग से लेकर विश्वविद्यालय परिसर तक सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

प्रशासन ने बुद्ध मंदिर मार्ग के किनारे स्थित दुकानदारों एवं ठेला संचालकों को अस्थायी रूप से अपने प्रतिष्ठान हटाने का निर्देश दिया है। वहीं नगरपालिका परिषद द्वारा सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, जल निकासी, मिट्टी भराई और सौंदर्यीकरण का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। विधायक पी.एन पाठक ने अधिकारियों के साथ विभिन्न बिंदुओं की जानकारी ली साथ ही आगमन को लेकर सारी व्यवस्थाओं को ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया। इस दौरान एसडीएम डॉ संतराज सिंह बघेल, तहसीलदार धर्मवीर सिंह, नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश जायसवाल,विधायक प्रतिनिधि रुद्र प्रकाश सिंह, राज पाठक, दीपक चौबे समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
 *दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट*

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ