25 किमी लंबा देशभक्ति का कारवां: तिरंगे के रंग में रंगा कान्हा का ब्रज, गूंजा ‘राष्ट्रप्रेम और स्वच्छ ब्रज’ का शंखनाद

 आलोक तिवारी ​
मथुरा । स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर की पूर्व संध्या पर कान्हा की नगरी मथुरा-वृंदावन पूरी तरह राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर हो गई। नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा आयोजित 25 किलोमीटर लंबी भव्य ‘बाइक तिरंगा रैली’ ने शहरवासियों में देशभक्ति का नया जोश भर दिया। हाथों में लहराता तिरंगा, बाइक सवारों का अनुशासित कारवां और फिज़ाओं में गूंजते “भारत माता की जय” के नारों से पूरी ब्रजभूमि ऊर्जावान हो उठी।
प्रातः 7:00 बजे भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रैली का आगाज हुआ। रैली की सबसे खास बात यह रही कि प्रशासनिक अधिकारियों ने खुद आगे रहकर इसका नेतृत्व किया। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार और नगर आयुक्त ओजस्वी राज खुद बाइक सवारों का नेतृत्व करते नज़र आए। मुख्य विकास अधिकारी सुश्री पूजा गुप्ता, एडीएम वित्त पंकज वर्मा, सहायक पुलिस अधीक्षक आसना चौधरी, मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव आशीष कुमार सिंह , अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, श्रीमती सुनीता कुमारी, सहायक नगर आयुक्त, कार्यदायी संस्थाएं एवं भारी संख्या में गणमान्य नागरिक रैली का हिस्सा बने।भूतेश्वर से शुरू हुई यह अनुशासित यात्रा भूतेश्वर अंडरपास, गोविंद नगर, महाविद्या, मसानी रोड, पागल बाबा (वृंदावन), 100 फीट फ्लाईओवर, परिक्रमा मार्ग, डीग गेट, भरतपुर रोड चौराहा, होली गेट, डैम्पियर नगर, SBI चौराहा और मछली फाटक फ्लाईओवर होते हुए टैंक चौराहे पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग पर जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर देशभक्तों का स्वागत किया। रैली में बड़ी संख्या में पार्षद भी अपनी अपनी वाईक के साथ शामिल हुए।

नगर निगम की इस पहल ने स्वतंत्रता दिवस के इस पर्व को सिर्फ राष्ट्रप्रेम तक सीमित न रखकर स्वच्छता के महाभियान से जोड़ दिया। पूरी रैली के दौरान “हम सबने ठाना है—ब्रज को स्वच्छ बनाना है” का संदेश प्रमुखता से गुंजायमान रहा। नगर निगम ने अपील की कि तिरंगा फहराने के साथ-साथ कान्हा की इस पावन भूमि को स्वच्छ और सुंदर बनाना भी हर नागरिक का राष्ट्रीय कर्तव्य है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ