खतौली का कुन्दकुन्द जैन इंटर कॉलेज फिर बना मिसाल, 13वें रक्तदान शिविर में मानवता और भाईचारे का संगम.

खतौली का कुन्दकुन्द जैन इंटर कॉलेज फिर बना मिसाल, 13वें रक्तदान शिविर में मानवता और भाईचारे का संगम


 मुजफ्फरनगर/खतौली
श्री कुन्दकुन्द जैन इंटर कॉलेज, खतौली के तत्वावधान में रविवार को 13वां महारक्तदान शिविर भव्य रूप से आयोजित किया गया। यह शिविर प्रख्यात बैंकिंग ट्रेड यूनियन लीडर एवं पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका परिषद स्व. कामरेड सुरेन्द्र कुमार जैन की पुण्यतिथि पर उनकी स्मृति में लगाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद मुजफ्फरनगर हरेन्द्र मलिक एवं उद्योगपति, टिकोला शुगर मिल के प्रबंध निदेशक सुधीश प्रकाश ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने दिवंगत कामरेड सुरेन्द्र जैन के समाजसेवी योगदान को याद किया।


जैन समाज के वरिष्ठ सदस्य अमित स्वरूप एवं निरंकार स्वरूप (अध्यक्ष एसोसिएशन एसडी कॉलेज) ने जैन इंटर कॉलेज को पूर्व की भांति सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया। प्रमुख उद्योगपति और समाजसेवी गौरव स्वरूप ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे बड़ा और पवित्र कार्य है। इस मौके पर गांधी टेंट हाउस के पंकज जैन, अरुण जैन (गर्ग डुप्लेक्स), मुकेश जैन एडवोकेट, योगेश जैन सर्राफ, नमन जैन प्रेमविहार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

एम्प्लाइज एसोसिएशन के नेता आर.पी. शर्मा ने कामरेड सुरेन्द्र जैन के जीवन पर प्रकाश डाला। वहीं प्रमुख समाजसेवी एवं पूर्व गवर्नर लायंस क्लब कुंज बिहारी अग्रवाल ने उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में राजीव जैन एवं संजय जैन (प्रेमविहार) ने अतिथियों का स्वागत किया।


रक्तदान शिविर में जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर के डॉ. प्रवेश के नेतृत्व में टीम एवं न्यूटीमा हॉस्पिटल से डॉ. मुकेश की टीम ने लगभग 500 यूनिट रक्त का संग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्रधानाचार्य अनुराग जैन ने कहा कि एक यूनिट रक्त से तीन व्यक्तियों की जान बचाई जा सकती है, क्योंकि इससे ब्लड, प्लाज्मा और प्लेटलेट अलग-अलग तैयार होते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में रक्तदान सबसे बड़ा दान है और यह शिविर मुजफ्फरनगर जनपद का सबसे बड़ा शिविर है।


शिविर के सफल संचालन में कलपेन्द्र जैन ने भूमिका निभाई, जबकि संयोजन का कार्य गौरव जैन और मीनाक्षी जैन ने किया। इस अवसर पर बैंक एम्प्लाइज संस्था से राजकुमार शर्मा, अशोक शर्मा, राजेन्द्र मिश्रा, नरेंद्र कुमार, महिपाल सिंह, अजीत त्यागी, जुगलकिशोर आदि मौजूद रहे। वहीं जैन समाज से विकास जैन, वैभव जैन (पूर्व सभासद), मनोज आढ़ती, हितेश जैन, सुनील जैन सर्राफ, निर्दोष जैन, अनुपम जैन, राजेश जैन, राहुल जैन सहित कई अन्य लोग भी शामिल हुए।


शिविर में 72 यूपी बटालियन एनसीसी मेरठ व स्काउट के छात्र-छात्राओं ने अनुशासन और व्यवस्था में सहयोग दिया। मंच सज्जा और रंगोली निर्माण में विद्यालय के बच्चों ने रचनात्मक सहयोग किया। विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का भी विशेष योगदान रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ