*कुशीनगर*
शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यक्रम सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर की अध्यक्षता व पुलिस अधीक्षक केशव कुमार की उपस्थिति में तहसील तमकुहीराज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित पाए जाने पर 17 अधिकारियों व जिला समाज कल्याण अधिकारी को विलम्ब से उपस्थित होने पर कारण बताओ नोटिस जिलाधिकारी द्वारा जारी किया गया ।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि तहसील दिवस/सम्पूर्ण समाधान दिवस शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में सम्मिलित है, जिसका उद्देश्य तहसील स्तर पर आमजन की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करना है। ऐसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अधिकारियों की अनुपस्थिति व विलम्ब से उपस्थित होने की प्रबृत्ति न केवल शासन के निर्देशों की अवहेलना है, बल्कि जनसमस्याओं के समाधान में भी बाधा उत्पन्न करती है।
21 फरवरी 2026 को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस, तहसील तमकुहीराज में निम्न अधिकारी अनुपस्थित पाए गए— प्रभागीय वनाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अधिशासी अभियन्ता (लोक निर्माण विभाग प्रान्तीय/निर्माण), अधिशासी अभियन्ता (बाढ़ खण्ड, सिंचाई खण्ड प्रथम व द्वितीय), अधिशासी अभियन्ता (जल निगम ग्रामीण एवं शहरी), जिला आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला प्रोवेशन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक (बैंकिंग), सहायक अभियन्ता (लघु सिंचाई) तथा खण्ड विकास अधिकारी फाजिलनगर।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे तीन दिवस के भीतर अनुपस्थित रहने का स्पष्ट एवं संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। अन्यथा की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध वार्षिक प्रतिकूल प्रविष्टि अंकित करते हुए सक्षम प्राधिकारी को विभागीय कार्यवाही हेतु प्रस्ताव प्रेषित किया जाएगा, जिसके लिए वे स्वयं उत्तरदायी होंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों में समयबद्ध उपस्थिति एवं पूर्ण दायित्व निर्वहन सुनिश्चित करना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ चंद्रप्रकाश वर्मा,उपजिलाधिकारी तमकुहीराज आकांक्षा मिश्रा, जनपदीय अधिकारियों सहित तहसीलदार महेश कुमार, नायाब तहसीलदार कुन्दन कुमार, समस्त थाना प्रभारी व बिभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
*दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट*
0 टिप्पणियाँ