शाहजहाँपुर। शहर के चित्रा टॉकीज परिसर में शनिवार रात फाल्गुन महोत्सव 2026 रंग, संगीत और उल्लास के बीच धूमधाम से मनाया गया।वीआईपी ग्रुप विद हेल्पिंग हैंड की ओर से आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंत्री ने मंच से लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं और फूलों की होली खेलकर उत्सव का आनंद लिया।
महोत्सव में राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियों, स्कूली बच्चों के मनमोहक नृत्य और फूलों की होली ने वातावरण को पूरी तरह होलियाना बना दिया। भजन गायक सुप्रीत मौर्य और सोनम मिश्रा की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में भक्ति और उमंग का रंग घोल दिया। कार्यक्रम में मंत्री सुरेश खन्ना का कार्यक्रम अध्यक्ष नीतू गुप्ता, डॉ. दीपा दीक्षित, वर्षा गोस्वामी, रिद्धि बहल, रंजना तिवारी और स्वाति सिंह ने बुके भेंट कर स्वागत किया, जबकि महासचिव सतीश सक्सेना, ग्रुप क्रिएटर अभिनय गुप्ता, अनुजदेव गुप्ता, कुलदीप गुप्ता, संजय अग्रवाल और कौशलेंद्र मिश्रा ने माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में मंत्री खन्ना ने कहा कि भारत के त्योहार हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और खुशियां बांटने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान हास्य कवि अजीत शुक्ला (हरदोई) और दिनेश रस्तोगी ने काव्य पाठ से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया, जबकि फैसल शाह की प्रस्तुति ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव तथा स्वच्छता अभियान प्रभारी अल्पना श्रीवास्तव मौजूद रहीं। इसके अलावा उद्योगपति अशोक अग्रवाल, अनुज देव गुप्ता, पार्षद प्रदीप सक्सेना, हेमा अग्रवाल, रवि मिश्रा, आशीष त्रिपाठी, शासकीय अधिवक्ता विशंभर दास गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान वीआईपी ग्रुप की ओर से कूपन के माध्यम से लकी ड्रा निकालकर प्रतिभागियों को उपहार भी वितरित किए गए। कार्यक्रम अध्यक्ष नीतू गुप्ता ने अतिथियों को गमले सहित पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुरेश चंद्र मिश्रा ने किया। देर रात तक चले इस रंगारंग महोत्सव में शहर के सैकड़ों लोग मौजूद रहे और फूलों की होली के बीच फाल्गुन के उत्सव का आनंद लिया
शाहजहांपुर से मुफीद खान
0 टिप्पणियाँ