झांसी मऊरानीपुर। देवरी पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम घाटकोटरा में विद्युतीकरण कार्य के दौरान ठेकेदार की मनमानी और दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिजली ठेकेदार द्वारा किसानों के खेतों की मेड़ तथा चकरोड पर लगे हरे भरे तथा फलदार पेड़ों को बिना अनुमति जबरन कटवाया जा रहा है। विरोध करने पर किसानों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्राम घाटकोटरा निवासी किसान राकेश सिंह परिहार ने देवरी पुलिस चौकी प्रभारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव के मजरा खिरक में इन दिनों विद्युतीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इस दौरान संबंधित ठेकेदार द्वारा कार्य के नाम पर किसानों की निजी भूमि पर लगे पेड़ों को निशाना बनाया जा रहा है। पीड़ित के अनुसार, जब उसके खेत की मेड़ पर लगे हरे भरे व फलदार पेड़ों को काटा जा रहा था, तब उसने इसका विरोध करते हुए पेड़ काटने से मना किया। इस पर ठेकेदार ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्र व्यवहार किया और धमकी दी कि यदि कार्य में बाधा डाली गई तो उसके खिलाफ सरकारी कार्य में अवरोध का मुकदमा दर्ज करा दिया जाएगा। इस घटना से भयभीत एवं आक्रोशित किसान ने पुलिस से शिकायत करने के साथ ही उच्चाधिकारियों को भी पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है। किसानों ने मांग की है कि बिना अनुमति हरे भरे पेड़ों की कटाई पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा जिन किसानों के पेड़ काटे गए है, उनके मामले की जांच कर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही इस पर रोक नहीं लगाई गई तो क्षेत्र में बड़े स्तर पर पर्यावरण का नुकसान हो सकता है। वहीं देवरी पुलिस चौकी प्रभारी शिवपाल सिंह गौर का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है, मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट राशिद पठान
6394131221
0 टिप्पणियाँ