*गांव में बना रखा था सट्टेबाजी का अड्डा, 17 मोबाइल-3 लैपटॉप समेत करोड़ों का हिसाब बरामद*
झांसी! जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बबीना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेलने और खिलाने वाले 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 17 मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, सट्टे के हिसाब-किताब से जुड़े 10 रजिस्टर और करीब डेढ़ करोड़ रुपये के लेनदेन का रिकॉर्ड बरामद हुआ है। इसके साथ ही ऑनलाइन सट्टेबाजी में इस्तेमाल होने वाले 3,96,208 चिप्स/कॉइन भी बरामद किए गए हैं
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में संतोष श्रीवास, उमेश गुप्ता, आशीष अग्रवाल और सचिन कुमार यादव शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम चंदौली थाना बबीना स्थित एक मकान में ऑनलाइन सट्टे का संचालन कर रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मोबाइल और कंप्यूटर के माध्यम से क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते थे और ग्राहकों को जोड़कर करोड़ों रुपये का लेनदेन करते थे
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि झांसी शहर में पुलिस की सख्ती बढ़ने के बाद उन्होंने गांव में किराए के मकान में अपना सेटअप तैयार किया था। सट्टेबाजी से होने वाले मुनाफे का बड़ा हिस्सा कथित एडमिनों को जाता था जबकि बाकी रकम आपस में बांटी जाती थी। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है।
0 टिप्पणियाँ