मोंठ (झांसी)। मोंठ तहसील क्षेत्र के ग्राम अमरा में बुधवार को तेज आंधी के चलते एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गांव में स्थित करीब सौ साल पुराना पीपल का पेड़ जड़ से उखड़कर मदन कुशवाहा पुत्र स्वर्गीय ठाकुरदास कुशवाहा के नवनिर्मित मकान पर गिर पड़ा। पेड़ गिरने से मकान का छप्पर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के समय मदन कुशवाहा की पत्नी संध्या और उनके दोनों बच्चे राघव व आदित्य घर के अंदर मौजूद थे और मलबे में फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम महज सात मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टूटा हुआ छप्पर हटाया और दरवाजा तोड़कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
मदन कुशवाहा ने बताया कि अचानक तेज आंधी आई और देखते ही देखते पेड़ गिर पड़ा, जिससे पूरा परिवार अंदर ही फंस गया था। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।घर में रखा अनाज, लोहा की अलमारी, फ्रिज, बर्तन कपड़ों का नुकसान हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही मोंठ एसडीएम अवनीश तिवारी एवं नायब तहसीलदार दीपक कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता और उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
एसडीएम अवनीश तिवारी ने कहा कि प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है और शासन की ओर से निर्धारित मानकों के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, क्षेत्र में ऐसे पुराने और जर्जर पेड़ों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
रिपोर्ट राशिद पठान
6394131221
0 टिप्पणियाँ