*"योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ" थीम के साथ लगभग 5,000 लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास*
*मुख्य अतिथि डॉ. रतिशंकर त्रिपाठी ने योग को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार बताया*
*कुशीनगर*
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बीते 21जून को प्रातः 07:00 बजे से विश्व धरोहर एवं भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर स्थित अंतरराष्ट्रीय पर्यटक केंद्र एवं महापरिनिर्वाण बुद्ध मंदिर परिसर में जनपदीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "Yoga for One Earth, One Health (पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग)" रही, जिसके माध्यम से मानव स्वास्थ्य एवं पर्यावरणीय संतुलन के बीच गहरे संबंध को रेखांकित किया गया।
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद कुशीनगर में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. रतिशंकर त्रिपाठी, माननीय अध्यक्ष, भारतेन्दु नाट्य अकादमी, संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश शासन को नामित किया गया था। कार्यक्रम में जनपद के नोडल अधिकारी एवं मंडलायुक्त, सांसद कुशीनगर , विधायक कुशीनगर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा लगभग 5,000 नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. रतिशंकर त्रिपाठी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भारत की उस प्राचीन ज्ञान परंपरा का वैश्विक उत्सव है, जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से विश्वव्यापी पहचान मिली। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। आज भारत ही नहीं, बल्कि विश्व के अनेक देशों ने भी योग को अपनाया है और करोड़ों लोग इससे लाभान्वित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उन्हें भगवान बुद्ध से जुड़े पवित्र स्थलों की यात्रा का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। बोधगया में भगवान बुद्ध की तपोस्थली, सारनाथ में उनके प्रथम उपदेश स्थल तथा आज कुशीनगर में उनके महापरिनिर्वाण स्थल पर उपस्थित होना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की करुणा, शांति और आत्मानुशासन की शिक्षाएं तथा योग का संदेश मानवता को स्वस्थ, शांतिपूर्ण एवं संतुलित जीवन की ओर प्रेरित करते हैं।
डॉ. त्रिपाठी ने कुशीनगर की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए यहां के जनप्रतिनिधियों, नागरिकों एवं श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया तथा सभी के स्वस्थ, प्रसन्न एवं सुखी जीवन की कामना की। उन्होंने लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन ने सामूहिक रूप से कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। इस दौरान कोलकाता से आयोजित माननीय प्रधानमंत्री जी के योग कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। जनपदवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र एवं विश्व कल्याण की कामना के साथ किया गया।
इस अवसर पर सांसद कुशीनगर विजय कुमार दुबे, विधायक कुशीनगर पी.एन. पाठक, उ.प्र. बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, मंडलायुक्त गोरखपुर अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, परियोजना निदेशक पीयूष, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडेय, डीसी मनरेगा राकेश सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
*दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट*
0 टिप्पणियाँ