जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर 21 जून को आयोजित नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय, मिल्की रसूलपुर, पडरौना तथा किसान इंटर कॉलेज, साखोपार, कसया का भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों के निगरानी कक्ष में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता एवं कार्यशीलता की जांच की गई तथा सुरक्षा एवं गोपनीयता संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
इस अवसर पर ड्यूटी पर तैनात केंद्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान सतर्कता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं सजगता के साथ करें।
*दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट*
0 टिप्पणियाँ