कुशीनगर विधायक ने जिला अस्पताल जाकर ट्रांसफार्मर से हुई दुर्घटना में घायलों का जाना हाल,हर संभव मदद का दिया भरोसा

कुशीनगर विधायक ने जिला अस्पताल जाकर ट्रांसफार्मर से हुई दुर्घटना में घायलों का जाना हाल,हर संभव मदद का दिया भरोसा

*ट्रांसफार्मर दुर्घटना के पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा जिला प्रशासन, लापरवाही पर अवर अभियन्ता निलम्बित*
 *कुशीनगर* 
जनपद के विकास खंड पडरौना अंतर्गत ग्राम सभा कोहड़ा में ट्रांसफार्मर दुर्घटना में घायल हुए पीड़ितों से मिलने बीते सोमवार को कुशीनगर विधायक पीएन पाठक जिला अस्पताल पहुंचे।जहां वे पीड़ितों और उनके परिजनों से मिलकर ढाढस बढ़ाया और हर सम्भव मदद करने का भरोसा दिया, साथ ही इस दुर्घटना के जिम्मेदार अधिकारियों को दंडित करने का भी निर्देश विभाग के उच्च अधिकारियों को दिया।
इस दुर्घटना में घायल हुए पीड़ितों को जिला प्रशासन द्वारा तत्काल राहत एवं उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा एवं क्षेत्राधिकारी द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया गया। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि प्रभावित परिवारों को शासन की मंशा के अनुरूप हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है तथा रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा भी आवश्यक सहयोग प्रदान किए जाने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में भर्ती घायलों के उपचार एवं स्वास्थ्य स्थिति की जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।

जनपद के ग्राम कोहड़ा में हुई ट्रांसफार्मर दुर्घटना के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग ने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल अनुशासनिक कार्रवाई की है।

ग्राम कोहड़ा निवासी उपेन्द्र तिवारी एवं अन्य ग्रामवासियों द्वारा जनसुनवाई/जनता दर्शन में प्रस्तुत प्रार्थना-पत्र के माध्यम से शिकायत की गई थी कि गांव में सड़क किनारे स्थापित एक जर्जर ट्रांसफार्मर की खराब स्थिति की सूचना विगत चार माह से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगातार दी जा रही थी। शिकायत के अनुसार समय रहते आवश्यक कार्रवाई न किए जाने के कारण दिनांक 22 जून, 2026 को प्रातः लगभग 09:30 बजे ट्रांसफार्मर फट गया, जिससे समीप स्थित एक मकान में आग लग गई। घटना में चार व्यक्ति झुलस गए, जिनमें दो की स्थिति गंभीर बताई गई है।

प्रकरण की गंभीरता एवं प्रथम दृष्टया सामने आए तथ्यों के आधार पर अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत वितरण मण्डल कुशीनगर  राकेश मोहन ने संबंधित अवर अभियन्ता  अरविन्द मणि त्रिपाठी, 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र कुबेरस्थान, विद्युत वितरण खण्ड पडरौना को अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है।

निलम्बन आदेश के अनुसार अरबिंद त्रिपाठी निलम्बन अवधि में विद्युत वितरण खण्ड कसया, कुशीनगर कार्यालय से सम्बद्ध रहेंगे तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वहन भत्ता देय होगा।

इसके अतिरिक्त अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत वितरण मण्डल कुशीनगर द्वारा अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड पडरौना को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है तथा पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जा रही है।

विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
 *दिनेश जायसवाल की रिपोर्ट*

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ